बिहार: नक्सलियों ने बेटी का बर्थडे मना रहे SSB जवान को AK 47 से भूना
जमुई में नक्सलियों ने एक एसएसबी जवान को एके 47 से भून दिया। एक अन्य घटना में अपराधियों ने पंचायत समिति के सदस्य के पति की गोली मारकर हत्या कर दी।
जमुई [जेएनएन]। जमुई में मंगलवार को वारदातों की सुबह हुई। एक ओर नक्सलियों ने सोमवार की रात बेटी का जन्मदिन (बर्थडे) मनाने आए एक एसएसबी जवान की घर से बुलाकर एके 47 से भून दिया, वहीं अपराधियों ने पंचायत समिति सदस्य के पति की भी गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के शव सुबह में मिले।
नक्सलियों ने कर दी एसएसबी जवान की हत्या
जानकारी के मुताबिक बरहट थाना क्षेत्र के पांडेयठीका गांव निवासी किशुन यादव के पुत्र एसएसबी जवान सिकंदर यादव की नक्सलियों ने देर रात गोली मारकर हत्या कर दी। सिकंदर एसएसबी 48वीं बटालियन में जयनगर में तैनात थे। वे छुट्टी पर 15 सितंबर की रात घर आए थे। घटना उस वक्त हुई जब वे अपनी बेटी के जन्मदिन की तैयारी में लगे थे।
परिजनों ने बताया कि पुलिस वर्दी मे दो नक्सलियों ने घर में आकर सिकंदर को आवाज लगाई। परिवार वालों ने पुलिस समझकर सिकंदर को इसकी सूचना दी। जैसे ही सिकंदर बाहर निकले, नक्सलियों ने हथियार के बल पर उन्हें कब्जे में ले लिया। फिर, हाथ बांध कर घर से कुछ दूर ले गए और गोली मार दी।
घटना में शामिल नक्सली दस्ते में करीब दो दर्जन महिलाएं भी थीं। घटना के बाद नक्सलियों ने सिकंदर पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या करने का नारा लगाया और जंगल की ओर चले गए। सभी नक्सली आधुनिक हथियारों से लैस थे। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घटना स्थल से एके 47 के छह खोखे बरामद होने की बात बताई है।
पंचायत समिति अध्यक्ष के पति की हत्या
उधर, नगर थाना क्षेत्र के अमरथ गांव में अपराधियों ने पंचायत समिति सदस्य के पति योगेंद्र यादव (35 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। रविवार की रात 10:30 बजे आए तीन बाइक पर सवार आधा दर्जन अपराधियों ने योगेंद्र को सीने और कनपट्टी में तीन गोलियां मारीं।
पुलिस ने घटनास्थल से तीन बाइक बरामद किया है। घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। एसडीपीओ रामपुकार सिंह ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है।