यहां वाहन चालकों की मर्जी से तय होते हैं यातायात नियम

जमुई। जिला मुख्यालय में वाहनों की भरमार के बीच यातायात की व्यवस्था दशकों पुरानी है। आबादी बढ़ी और उसी अनुपात में सड़कों पर वाहन बढ़े लेकिन ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 05:39 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 05:39 PM (IST)
यहां वाहन चालकों की मर्जी से तय होते हैं यातायात नियम
यहां वाहन चालकों की मर्जी से तय होते हैं यातायात नियम

जमुई। जिला मुख्यालय में वाहनों की भरमार के बीच यातायात की व्यवस्था दशकों पुरानी है। आबादी बढ़ी और उसी अनुपात में सड़कों पर वाहन बढ़े, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है। बिहार पुलिस के जवान के सहारे जैसे-तैसे शहरी इलाकों में यातायात की व्यवस्था बनाए रखने की जद्दोजहद आज भी जारी है।

नतीजा सामने है। सड़क हादसे में लोग जान गंवा रहे हैं, और शहरी इलाकों से लेकर राष्ट्रीय उच्च पथ पर जाम में फंस कर वाहन चालक पसीना बहाने को मजबूर होते हैं। सड़कें हैं तो वाहन चलेंगे ही, कुछ इसी तर्ज पर पूरे जिले में यातायात की व्यवस्था संचालित हो रही है। ऐसे में शहरी इलाके में सुबह दस बजे से देर शाम तक वाहन सड़क पर रेंगते नजर आते हैं। शहर में यातायात के नियम तथा कायदे वाहन चालकों की मर्जी पर निर्भर है। वाहनों की शहर में इंट्री पूरे दिन होती है। न रोकटोक और न ही इस पर किसी की नजर।

-----

नहीं है ट्रैफिक पुलिस

जिले में ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था नहीं है। ट्रैफिक पुलिस की कमी यहां बिहार पुलिस के जवान पूरी करते हैं। शहरी इलाके के मुख्य चौराहों पर यातायात की व्यवस्था संभालने के लिए बिहार पुलिस के जवान तैनात किए हैं। अगर जाम की स्थिति विकट बन गई तो पुलिस के जवान भी यातायात संचालन के लिए लगा दिए जाते हैं। ट्रैफिक नियमों और उसे संभालने के प्रशिक्षण के अभाव में इन जवानों के पास लाठी ही एक सहारा रहता है। लाठी भांज कर ये यातायात का पहिया आगे सरकाते हैं।

-----

कहते हैं शहरवासी

शहर में यातायात को लेकर अधिवक्ता राजेश कुमार सिंह कहते हैं कि यहां की यातायात पूरी तरह लोगों की मर्जी के हिसाब से तय होती है। इस पर किसी अधिकारी का नियंत्रण नहीं है। बबन कुमार, संजीव, संतोष, राघव आदि कहते हैं कि यहां यातायात व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। ऐसे में यहां इस सुविधा के नाम पर पूछना ही बेकार है।

chat bot
आपका साथी