गोपालगंज में रबी अभियान के दौरान 97 हजार हेक्टेयर में होगी गेहूं की खेती

मौसम की मार के बीच खेतों से पानी कम होने के साथ ही अब धान कटाई शुरू होगी। 97 हजार हेक्टेयर में गेहूं की खेती होगी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 04:08 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 04:08 PM (IST)
गोपालगंज में रबी अभियान के दौरान 97 हजार हेक्टेयर में होगी गेहूं की खेती
गोपालगंज में रबी अभियान के दौरान 97 हजार हेक्टेयर में होगी गेहूं की खेती

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : मौसम की मार के बीच खेतों से पानी कम होने के साथ ही अब धान की कटाई का कार्य प्रारंभ हो गया है। इसके साथ ही अब गेहूं की खेती की भी तैयारी शुरू हो गई है। कृषि विभाग ने इस साल पूरे जिले में 97 हजार हेक्टेयर में गेहूं की खेती किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस साल गेहूं की खेती आधुनिक तकनीक के सहारे कराने पर कृषि विभाग का जोर रहेगा। हरेक प्रखंड के लिए लक्ष्य निर्धारित करते हुए बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर दिशानिर्देश जारी कर दिया गया है।

धान की कटाई का कार्य प्रारंभ होने के बाद कृषि विभाग रबी अभियान की तैयारी में है। इस साल रबी अभियान के दौरान पूरे जिले में दलहन व तेलहन की खेती के अलावा 97 हजार हेक्टेयर में गेहूं की खेती कराने का निर्णय कृषि विभाग ने लिया है। बावजूद इसके वैसे इलाके जहां अब भी खेतों में पानी लगा हुआ है, वहां गेहूं की खेती कर पाना कृषि विभाग के लिए चुनौती से कम नहीं होगी। बावजूद इसके कृषि विभाग लक्ष्य के अनुरूप जिले में गेहूं की खेती कराने का दावा किया है। लक्ष्य निर्धारित होने के बाद समय से बीज और खाद उपलब्ध करने की दिशा में भी कृषि विभाग ने पहल शुरू कर दी है। जिला कृषि पदाधिकारी डा. वेदनारायण सिंह ने बताया कि इस साल गेहूं की खेती आधुनिक तकनीक से की जाएगी। उन्होंने बताया कि समूह में भी गेहूं की खेती कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि लक्ष्य निर्धारित करने के बाद प्रत्येक प्रखंड में किसानों को बीज उपलब्ध कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा दुकानों में ससमय बीज उपलब्ध होने की भी व्यवस्था की जाएगी।

---------------

कहां कितने गेहूं की खेती का लक्ष्य प्रखंड खेती (हेक्टेयर में)

बैकुंठपुर 6400

सिधवलिया 3000

बरौली 9900

मांझा 6100

गोपालगंज 6500

थावे 2500

कुचायकोट 13500

हथुआ 8400

उंचकागांव 5220

फुलवरिया 5425

भोरे 8800

कटेया 9130

विजयीपुर 7575

पंचदेवरी 4600 ----------------

- तैयारियों में जुटा कृषि विभाग, लक्ष्य निर्धारित

- खाद व बीज की समय से उपलब्धता होगी विभाग के लिए चुनौती

chat bot
आपका साथी