Bihar Crime: गोपालगंज के थावे मंदिर में लेडी पॉकेटमार सक्रिय, मोबाइल चुराते पकड़ीं गईं दो महिलाएं

बिहार के गोपालगंज स्थित थावे दुर्गा मंदिर परिसर में महिला पॉकेटमार गिरोह सक्रिय है। मोबाइल चुरा कर भागतीं ऐसी ही दो महिलाएं पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। उधर गोपालगंज में दहेज के लिए पत्‍नी को मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है।

By Edited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 09:18 PM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 09:36 AM (IST)
Bihar Crime: गोपालगंज के थावे मंदिर में लेडी पॉकेटमार सक्रिय, मोबाइल चुराते पकड़ीं गईं दो महिलाएं
गाेपालगंज में गिरफ्तार महिला पॉकेटमार। तस्‍वीर: जागरण।

गोपालगंज, जागरण संवाददाता। गोपालगंज के ऐतिहासिक थावे दुर्गा मंदिर परिसर में मां भवानी की पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं का सामान उड़ाने वाली दो महिलाएं पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। मंदिर परिसर में एक श्रद्धालु का मोबाइल फोन चुराकर भाग रहीं दोनों महिलाओं को चौकीदार ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार दोनों महिलाओं में से एक छपरा तथा दूसरी सिवान की निवासी है। उधर, गोपालगंज में ही एक अन्‍य घटना में एक महिला को देहज के लिए पति ने घर से निकाल दिया।

थावे मंदिर में महिला पॉकेटमारों ने उड़ा लिया मोबाइल

बीते शनिवार को मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी गांव निवासी सुबोध कुमार सिंह अपने परिवार के साथ थावे मंदिर में मां थावे भवानी की पूजा अर्चना करने गए थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में सक्रिय पॉकेटमार गिरोह में शामिल दो महिलाओं ने उनका मोबाइल चुरा लिया। उनके शोर मचाने पर भाग रहीं दोनों महिलाओं को मंदिर परिसर में तैनात चौकीदार ने दौड़ाकर पकड़ने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपित दोनों महिलाएं गिरफ्तार, माेबाइल बरामद

गिरफ्तार की गईं आरोपित एक महिला छपरा जिला के मशरख थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव की निवासी सुशीला देवी है तो दूसरी सिवान जिला के हुसैनगंज गांव निवासी शमीमा खातून बताई जा रही है। उनके पास से पुलिस ने मोबाइल बरामद कर लिया। 

दहेज के लिए पत्‍नी को घर से निकाला, प्राथमिकी दर्ज

उधर, गोपालगंज में ही दहेज में नकदी व बुलेट बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के छह साल बाद एक महिला को उसके ससुराल के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। घटना को लेकर पीड़ित महिला के बयान पर मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला ने अपने पति सहित चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया है।

जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज पूर्वी मोहल्ला निवासी जगदीश प्रसाद की पुत्री सुधा देवी की शादी वर्ष 2014 में सिवान जिले के एमएच नगर हसनपुर थाना क्षेत्र के उसरी बुजुर्ग गांव के श्यामसुंदर प्रसाद के साथ हुई। शादी के बाद ससुराल जाने पर कुछ समय तक ससुराल के लोगों ने सुधा को ठीक से रखा। बाद में मायके से दस लाख रुपये नकदी तथा बुलेट बाइक मांगकर लाने के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। सुधा अपने ससुराल के लोगों की प्रताड़ना झेलती रही। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। घटना को लेकर थाने में दर्ज प्राथमिकी में सुधा देवी ने अपने पति श्यामसुंदर प्रसाद के अलावा ससुर अशोक प्रसाद तथा भैसुर रंजीत प्रसाद सहित पांच लोगों को नामजद आरोपित बनाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

chat bot
आपका साथी