गोपालगंज में आपसी विवाद में दो पक्ष भिड़े, चाकू से हमले में युवक की मौत

बक्सर में सीओ के सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत हैं युवक के पिता दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल गोरखपुर में चल रहा इलाज।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 25 May 2021 09:06 PM (IST) Updated:Tue, 25 May 2021 09:06 PM (IST)
गोपालगंज में आपसी विवाद में दो पक्ष भिड़े, चाकू से हमले में युवक की मौत
गोपालगंज में आपसी विवाद में दो पक्ष भिड़े, चाकू से हमले में युवक की मौत

संवाद सूत्र, उचकागांव(गोपालगंज) : उचकागांव थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव के पश्चिम पुल के पास आपसी विवाद को लेकर दो पक्ष के युवक आपस में भिड़ गए। इस दौरान चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। चाकूबाजी में दूसरे पक्ष का एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों से इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायल युवक को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत देख चिकित्सक ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। घायल युवक का इलाज गोरखपुर के एक अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि उचकागांव थाना क्षेत्र के परसौनी खास गांव निवासी मनोज सिंह पुलिस में हवलदार हैं। ये बक्सर में सीके सीओ के सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। ये बक्सर में अकेले रहते हैं, परिवार गांव में ही रहता है। बताया जाता है कि हवलदार मनोज सिंह के छोटे पुत्र युवराज सिंह मकसूदपुर गांव निवासी भरत तिवारी के घर उनकी पुत्री की शादी में न्योता देने गए थे। इसी दौरान उनका मकसूदपुर गांव के कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद होने के बाद युवराज सिंह ने फोन कर इसकी सूचना अपने बड़े भाई मनीष सिंह को दिया। उस समय मनीष सिंह कुचायकोट थाना क्षेत्र के लालबेगी गांव में न्योता करने के लिए गए हुए थे। विवाद की सूचना मिलने पर वे मकसूदपुर गांव स्थित बड़ा बाबू के पोल्ट्री फार्म के पास मामले की जानकारी के लिए अपने भाई के पास पहुंच गए। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें पोल्ट्री फार्म के पास मुख्य पथ पर स्थित पुल के पास घेर लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान एक पक्ष ने मनीष सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई। चाकू से हमले में दूसरे पक्ष के रामाशीष सिंह कुशवाहा के पुत्र धनंजय कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों से इस घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायल युवक को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक घटना को लेकर किसी पक्ष द्वारा आवेदन नहीं देने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

इनसेट

मनीष व धनंजय का ग्रामीण स्तर पर चलता था गुट

उचकागांव (गोपालगंज) : थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में चाकू मारकर परसौनी खास गांव निवासी मनीष सिंह की हत्या के बाद ग्रामीण सकते में हैं। ग्रामीणों की माने तो परसौनी खास गांव निवासी मनीष सिंह और मकसूदपुर गांव निवासी धनंजय सिंह कुशवाहा का अपना अलग अलग गुट चलता था। जिसमें दोनों गांवों के अलग-अलग युवक शामिल थे। ये आए दिन अपने वर्चस्व को लेकर परसौनी खास व मकसूदपुर बाजार के आसपास के चौक चौराहों पर गुटबाजी करते रहते थे। हालांकि मनोज व धनंजय के गुटबाजी करने के बादद भी दोनों के बीच याराना संबंध था। लेकिन सोमवार की रात आखिर किस कारण से दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, इस बारे मे कोई व्यक्ति खुलकर कहने को तैयार नहीं है।

इनसेट

लॉकडाउन के दौरान मुंबई से घर आया था मनीष

उचकागांव (गोपालगंज) : थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में आपसी विवाद का शिकार बना परसौनी खास गांव निवासी मनीष सिंह अपने घर से कुछ दिनों के लिए कमाने के लिए मुंबई गया था। मुंबई में चार महीने कमाई करने के बाद लॉकडाउन के दौरान वह अपने घर आ गया। मुंबई में रहने के दौरान उसने रेस्टोरेंट और अलग अलग जगहों की फोटो खींच कर अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया था। लॉकडाउन के दौरान घर आने के बाद वह फिर अपने साथियों के साथ इधर-उधर घूमने लगा। इसी बीच सोमवार की रात उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

chat bot
आपका साथी