प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तोड़फोड़ के तीन आरोपित गिरफ्तार
संवाद सूत्र मांझागढ़ (गोपालगंज) प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मांझागढ़ में तोड़फोड़ करने तथा चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने थाना क्षेत्र के शेख परसा गांव में छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
संवाद सूत्र, मांझागढ़ (गोपालगंज) : प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझागढ़ में तोड़फोड़ करने तथा चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने थाना क्षेत्र के शेख परसा गांव में छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उन्हें सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।
बताते चलें कि सात सितंबर को मांझागढ़ थाना क्षेत्र की शेख परसा गांव निवासी चंदा देवी को सांप ने डंस लिया था। उन्हें स्वजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझागढ़ ले आए। यहां से चिकित्सकों ने महिला को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल से भी महिला को गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर ले जाते समय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होने के बाद ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच कर तोड़फोड़ करते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. परमानंद प्रसाद तथा स्वास्थ्य कर्मी रामचंद्र प्रसाद पर हमला कर दिया। इससे आक्रोशित चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मी हड़ताल पर चले गए थे। बाद में सीएस डॉ.टीन सिंह के समझाने पर तीन दिन बाद चिकित्सक तथा स्वास्थ्यकर्मी काम पर लौटे। इस घटना को लेकर चिकित्सक के बयान पर एक दर्जन नामजद सहित 50 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसी मामले में पुलिस ने सोमवार को शेखपरसा गांव में छापेमारी कर आरोपित दीपू महतो, ध्रुप प्रसाद तथा ननकी महतो उर्फ नितेश महतो को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि जल्द ही इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।