व्रतियों ने किया खरना, अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अ‌र्घ्य आज

जागरण संवाददाता गोपालगंज महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में छ

By JagranEdited By: Publish:Tue, 09 Nov 2021 11:33 PM (IST) Updated:Tue, 09 Nov 2021 11:33 PM (IST)
व्रतियों ने किया खरना, अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अ‌र्घ्य आज
व्रतियों ने किया खरना, अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अ‌र्घ्य आज

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में छठ घाट सजधज कर तैयार हो गए हैं। बुधवार को व्रत धारण करने वाली महिलाएं विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अ‌र्घ्य देंगी। नहाय खाय के बाद मंगलवार को व्रतियों ने दिनभर खरना किया और परिवार के सदस्य पूजा के दौरान प्रयोग में लाए जाने वाले सामानों की खरीदारी में लगे रहे। पूजा को लेकर जिला मुख्यालय के तमाम घाटों की सफाई का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। कुछ घाटों पर गुरुवार को भी साफ-सफाई व रंग रोगन का काम चलता रहा। घाटों पर पर्याप्त रोशनी का प्रबंध करने में नगर परिषद के अलावा कुछ स्थानीय लोग भी अपने स्तर से जुटे रहे। घाटों पर सफाई का कार्य पूरा होने के बाद उन्हें सजाने-संवारने का कार्य भी तेज हो गया है। घाटों पर रोशनी के पर्याप्त प्रबंध के लिए घाटों पर बड़े जनरेटर को भी लगाया गया है। वैसे घाट जो शहरी इलाके से दूर हैं, वहां भी लोग अपने स्तर से घाटों की सफाई के कार्य को अंतिम रूप दे चुके हैं। इन घाटों पर रोशनी के प्रबंध किए जा रहे हैं। बुधवार को पूरे दिन निर्जला व्रत धारण करने के बाद व्रत धारण करने वाले व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अ‌र्घ्य देंगे। गुरुवार की तड़के भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य देने के साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस लोक आस्था के पर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।

घाट पर तैनात हुए गोताखोर

छठ पूजा को देखते हुए गहरे तालाब व नदी वाले घाट पर गोताखोरों के अलावा एनडीआरएफ की टीम को तैनात कर दिया गया है। पूरे जिले में चिन्हित किए गए 271 घठ घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इन घाटों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ने को देखते हुए प्रशासनिक देखरेख में कई घाटों पर गहरे पानी वाले घाट पर बांस व बल्ले लगाए गए हैं, ताकि अ‌र्घ्य के लिए नदी में उतरने वाली महिलाओं को निर्धारित स्थान से आगे बढ़ने से रोका जा सके।

सभी घाटों पर तैनात किए गए स्वयंसेवक

छठ पर्व को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सभी छठ घाटों पर दस-दस स्वयंसेवकों की टीम को तैनात किया गया है। तमाम स्वयंसेवकों को छठ घाट पर सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध देखने का निर्देश दिया गया है। ताकि घाट पर किसी भी तरह की दुर्घटना नहीं हो सके। प्रशासनिक स्तर पर तमाम घाटों की मानीटरिग के लिए सीओ व बीडीओ को तमाम घाटों पर नजर रखने को कहा गया है।

सभी प्रमुख घाट पर मौजूद रहेंगे दंडाधिकारी

घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अधिक भीड़-भाड़ वाले चिह्नित किए गए छठ घाट पर सुरक्षा बलों के साथ ही दो सौ से अधिक दंडाधिकारियों की भी तैनाती की गई है। प्रशासनिक स्तर पर पूर्व में ही कई बिदुओं पर सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया जा चुका है।

कल तक काम करेगा नियंत्रण कक्ष

छठ पूजा को देखते हुए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इस नियंत्रण कक्ष में आठ-आठ घंटे की पाली में तीन पदाधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा यहां कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। यह नियंत्रण बुधवार की सुबह से गुरुवार की सुबह पूजा समाप्ति के दो घंटे बाद तक काम करेगा।

अ‌र्घ्य देने का क्या है मुहूर्त

- अस्ताचल सूर्य को अ‌र्घ्य देने का समय : शाम 5 बजकर 04 मिनट

- उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने का समय : सुबह 6 बजकर 07 मिनट

chat bot
आपका साथी