गोपालगंज में बंद रहीं दुकानें, सड़क पर घूमने वालों से सख्ती से निपटी पुलिस

दिन के 11 बजे के बाद सख्ती बरतने को विवश हुई पुलिस सुबह किराना सब्जी व फल दुकानों पर दिखी लोगों की भीड़।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 09:09 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 09:09 PM (IST)
गोपालगंज में बंद रहीं दुकानें, सड़क पर घूमने वालों से सख्ती से निपटी पुलिस
गोपालगंज में बंद रहीं दुकानें, सड़क पर घूमने वालों से सख्ती से निपटी पुलिस

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : सूबे में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के आंकड़ों को देखते हुए 15 मई तक के लिए लागू किए गए लॉकडाउन का असर बुधवार को दिखा। दुकानदारों ने खुद ही दुकानों को बंद रखा। इस बीच सुबह सात बजे से फल, दूध, सब्जी व किराना की दुकानें खुलीं। इन दुकानों पर सुबह लोगों की भीड़ रही। लेकिन दिन के 11 बजे के बाद दुकानें पूर्ण रूप से बंद हो गईं। लॉकडाउन के पहले दिन 11 बजे के बाद पुलिस एक्शन में दिखी। इस बीच पुलिस सड़क पर घूमने वालों से सख्ती से निपटने को विवश हुई। पदाधिकारियों के साथ सुबह से ही पुलिस के सक्रिय हो जाने से बेवजह सड़क पर घूमने निकले लोग वापस अपने-अपने घरों को लौट गए। इस दौरान पुलिस ने मना करने पर भी सड़क पर घूमने से बाज नहीं आने वालों पर लाठियां चटकाईं। पुलिस की सख्ती को देखकर बेवजह अपने घरों से बाहर निकलने वाले लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। बुधवार को लॉकडाउन के पहले दिन सुबह से ही दवा, डेयरी, फल, सब्जी की दुकानों को छोड़कर अन्य दुकानें बंद रहीं। पूरे दिन पुलिस लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने में लगी रही। इस दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को अपने घरों में नहीं निकलने की अपील की जाती रही।

बुधवार को लॉकडाउन लागू होने के बाद बाजार में वीकेंड बंदी की तरह ही काफी कम संख्या में लोग बाहर निकले। इस बीच दिन के 11 बजे तक वाहन वीकेंड बंदी की तरह ही चलते नजर आए। दिन के 11 बजे के बाद पुलिस लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने की जिम्मेदारी उठाने सड़क पर उतरी। इस बीच पुलिस तथा पदाधिकारियों ने लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए सख्ती दिखाई। अस बीच पुलिस के अलावा एसडीओ सदर उपेंद्र कुमार पाल व अन्य कई पदाधिकारियों ने आम लोगों से अपील किया कि सुरक्षित कल के लिए लोग अपने घरों के अंदर ही रहें। प्रशासनिक अपील के बाद पुलिस ने बेवजह घरों से निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू किया। शहर के सिनेमा रोड, मौनिया चौक, आंबेडकर चौक, पुरानी चौक, घोष मोड़, थाना चौक, जादोपुर मोड व बंजारी मोड सहित सभी चौक चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बेवजह घर से निकल कर घूम रहे लोगों पर लाठियां चटका कर उन्हें घर में खदेड़ दिया। पुलिस के इस रुख को देखकर कई राहगीर अपना रास्ता बदल कर भागते हुए नजर जाए। सड़कों पर सन्नाटा की स्थिति बनी रही। एसडीओ सदर उपेंद्र कुमार पाल ने बताया कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार ने लॉकडाउन का आदेश जारी किया है। लेकिन कुछ लोग इस आदेश की अनदेखी कर रहे हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इनसेट

दोपहर से दिखा सख्ती का असर, बाहर कम निकले लोग

गोपालगंज : बुधवार को लॉकडाउन के पहले दिन दिन के 12 बजे के बाद पुलिस तथा प्रशासन के सख्ती का असर दिखा। सुबह बेवजह सड़क पर घूमने निकले लोग पुलिस व प्रशासन की सख्ती को देखकर वापस अपने घर लौट गए। लोग पूरे दिन अपने घरो में ही रहे। इस बीच जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। लेकिन प्रशासन व पुलिस की नजर ऐसे लोगों पर भी बनी रही। पुलिस कर्मी एक-एक राहगीर को रोक कर उनके शहर में आने का कारण पूछने के बाद ही उन्हें आगे जाने की इजाजत देते दिखे। इनसेट

शहर के सभी मुख्य मार्गों पर रखी गई नजर

गोपालगंज : लॉकडाउन के पहले दिन जिला प्रशासन ने शहर के सभी मुख्य मार्गो पर पैनी रजर रखा। बुधवार को लॉक डाउन के दौरान शहर के अरार मोड़, बंजारी मोड़ व थावे रोड में पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया। इस बीच पुलिस कर्मी तमाम मार्गों से आने वाले वाहनों तथा पैदल जा रहे लोगों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान अगर कोई भी व्यक्ति पर्याप्त कारण के बगैर घर से बाहर दिखा तो उसे इस चेतावनी के साथ घर लौटा दिया गया कि दोबारा सड़क पर दिखने की स्थिति में उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिन के 12 बजे के बाद पुलिस की सख्ती के कारण शहर की सड़कें सुनी पड़ गईं।

chat bot
आपका साथी