सभी सरकारी भवनों में होगी रेन वाटर हार्वेस्टिग की व्यवस्था : नीतीश कुमार

गोपालगंज जल जीवन हरियाली मिशन यात्रा पर शुक्रवार को गोपालगंज के बरौली प्रखंड के देवापुर में पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 245.85 करोड़ की योजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 07 Dec 2019 12:32 AM (IST) Updated:Sat, 07 Dec 2019 06:13 AM (IST)
सभी सरकारी भवनों में होगी रेन वाटर हार्वेस्टिग की व्यवस्था : नीतीश कुमार
सभी सरकारी भवनों में होगी रेन वाटर हार्वेस्टिग की व्यवस्था : नीतीश कुमार

गोपालगंज : जल जीवन हरियाली मिशन यात्रा पर शुक्रवार को गोपालगंज के बरौली प्रखंड के देवापुर में पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 245.85 करोड़ की योजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास किया। दिन के 11.30 बजे हेलीकॉप्टर से देवापुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सबसे पहले उच्च विद्यालय देवापुर के पास पोखरे के जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण का जायया लिया। विद्यालय परिसर में बने आंबनबाड़ी केंद्र को फीता काट का उद्धाटन किया। कुछ समय बच्चों के साथ भी बीताया तथा तीन महिलाओं के गोद भराई की रस्म पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री जल जीवन हरियाली जागरुकता सम्मेलन में पहुंचे। सम्मेलन को संबोधित करते हए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ जल है दूसरी तरफ हरियाली है। बीच में जीवन है। जल और हरियाली है तभी जीवन सुरक्षित है। पूरी दुनिया में भू जलस्तर तेजी से नीचे गिर रहा है। इस बार उत्तर बिहार यहां तक की दरभंगा जैसे जिले में भू जलस्तर में कमी आई है। जलवायु परिवर्तन हो रहा है। वर्षापात तीस साल में 12 सौ मिमी. तथा 15 साल में गिरकर नौ सौ मिमी. तक पहुंच गया है। कम बारिश के कारण 280 प्रखंडों को सूखाग्रस्त घोषित करना पड़ा। इस बार जुलाई में बारिश हुई फिर सूखाड़ फिर सितंबर में अत्यधिक बारिश होने से कई जिले बाढ़ चपेट में आ गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु में हो रहे परिवर्तन को देखते हुए जल जीवन हरियाली अभियान पूरे बिहार के शुरू किया गया है। बिहार के सभी सार्वजनिक तालाब, पोखरे, आहार, पाइन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर उनका जीर्णाद्धार कराएंगे। सभी कुआं का भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा। तालाबों, पोखरे, पइन का जीर्णोद्धार कराने के साथ ही इसके चारों तरफ पौधोरोपण करने की दिशा में भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन हरियाली अभियान के तहत जल संचय की दिशा में भी काम चल रहा है। जल संचय के लिए सभी सरकारी भवनों, अस्पतालों तथा स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिग की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन साल के अंदर इस योजना को पूरा करना चाहते हैं। मिशन मोड में इस योजना पर 24 हजार पांच सौ करोड़ रुपया सरकार खर्च करेगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से 19 जनवरी को मानव श्रृंखला बनाकर जल जीवन हरियाली को लेकर पूरे देश को संदेश देने की अपील किया। सम्मेलन को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह, मुख्य सचिव बिहार दीपक कुमार, पुलिस महानिरीक्षण गुप्तेश्वर पाण्डेय ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में विधायक मिथिलेश तिवारी, विधायक सुभाष सिंह, विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय, विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व मंत्री रामप्रवेश राय, पूर्व विधायक सह जदयू के प्रदेश महासचिव मंजीत कुमार सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह, जिलाधिकारी अरशद अजीज, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी भी मौजूद रहे।

इनसेट

बिल गेट्स भी दे रहे हैं सहयोग

गोपालगंज : जल जीवन हरियाली जागरुकता सम्मेलन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिल गेट्स का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब काम करने का मौके मिला तब बिल गेट्स बिहार आए थे। तब बिहार को पल्स पोलिया से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। उस समय बिल गेट्स ने कहा था कि बिहार को पल्स पोलियो से मुक्त कराना काफी कठिन है। इसके बाद बीच में बिल गेट्स खगड़िया आए थे। वहां पोलियो उन्मूलन अभियान को देखकर काफी प्रभावित हुए थे। आज बिहार पोलिया से मुक्त हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जल जीवन हरियाली को लेकर किए जा रहे कार्य पर बिल गेट्स को सुखद आश्चर्य हुआ। उन्होंने कहा कि बिहार व पटना में क्लामेट की चिता कर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिल गेट्स बिहार में युवाओं को प्रशिक्षण देने में बिहार का सहयोग कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी