गोपालगंज में लड़खड़ाते कारखानों को अब इथेनाल की संजीवनी

गन्ने के बेल्ट में लड़खड़ा रहे कल कारखानों को अब इथेनाल की संजीवनी मिलेगी। इसके कारखाने लगाए जा रहे हैं। नवंबर से प्रोडक्शन शुरू होगा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Jul 2021 04:46 PM (IST) Updated:Tue, 13 Jul 2021 04:46 PM (IST)
गोपालगंज में लड़खड़ाते कारखानों को अब इथेनाल की संजीवनी
गोपालगंज में लड़खड़ाते कारखानों को अब इथेनाल की संजीवनी

जागरण टीम, गोपालगंज: गन्ने के बेल्ट में लड़खड़ा रहे कल कारखानों को अब इथेनाल की संजीवनी मिल गई है। जिले के बैकुंठपुर प्रखंड के राजापट्टी कोठी बाजार में इथेनाल फैक्ट्री खुलने के बाद अब सिधवलिया में इथेनाल का उत्पादन होगा। सिधवलिया चीनी मिल परिसर के समीप निर्माणाधीन इथेनाल फैक्ट्री में नवंबर महीने से प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा। इससे चीनी उद्योग के साथ ही गन्ना किसानों को प्रत्यक्ष लाभ होगा।

इसके साथ ही छोटे-छोटे कल कारखानों को भी पनपने का मौका मिलेगा। कल कारखानों को संजीवनी मिलने से रोजी रोजगार के लिए दूसरे प्रांतों में पलायन करने की मजबूरी नहीं रहेगी। लोगों को अपने जिले में ही रोजगार का अवसर मिलने लगेगा।

जिले में व्यापक पैमाने पर गन्ना की खेती होती है। गन्ना वेल्ट के रूप में यह जिला जाना जाता है। जिले में नब्बे के दशक तक चार चीनी मिलें थी। चीनी मिलों के कारण छोटे छोटे कल कारखाने पनपने लगे। इसी बीच मीरगंज में स्थित हथुआ चीनी मिल बंद हो गई चीनी मिल के बंद होने से पनप रहे कल कारखानों को भी ग्रहण लग गया। हथुआ चीनी मिल बंद होने के बाद एक-एक कर जुटा फैक्ट्री, गत्ता मिल, डालडा फैक्ट्री तथा छोटे छोटे कल कारखाने बंद हो गए। पिछले तीन साल से सासामुसा चीनी मिल की स्थिति भी खराब हो जाने से सासामुसा तथा इसके आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियों लड़खड़ाने लगी हैं। लेकिन लड़खडा रहे कल कारखानों को अब इथेनाल की संजीवनी मिलने लगी है। बैकुंठपुर के राजापट्टी कोठी बाजार में इथेनाल फैक्ट्री खुलने के बाद अब सिधवलिया में इथेनाल फैक्ट्री बनाने का काम चल रहा है। मगध शुगर एण्ड एनर्जी लिमिटेड की भारत शुगर मिल सिधवलिया के कार्यपालक उपाध्यक्ष आशीष खन्ना ने बताया कि चीनी मिल परिसर के समीप इथेनाल फैक्ट्री बनाने का काम चल रहा है। नवंबर महीने में इस फैक्ट्री से इथेनाल का उत्पादन शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार इथेनाल उद्योग को प्राथमिकता दे रही है। बिहार में 158 इथेनाल फैक्ट्री बनाने के लिए सरकार ने स्वीकृति दी है। इसमें से एक सिधवलिया भी है। उन्होंने बताया कि इस फैक्ट्री में प्रतिदिन 72 हजार लीटर इथेनाल का उत्पादन होगा। गन्ना वेल्ट में इथेनाल की संजीवनी मिलने से कल कारखानों को बढ़ावा मिलेगा। जिससे रोजगार के अवसर मिलने से लोगों को रोजी रोजगार के लिए बाहर नहीं आना पड़ेगा।

---------------

फोटो फाइल : 13 जीपीएल 2

कैप्शन : सिधवलिया चीनी मिल परिसर के समीप तैयार होती इथेनाल फैक्ट्री

- सिधवलिया में लगाई जा रही इथेनाल फैक्ट्री, नवंबर से शुरू होगा प्रोडक्शन

- राजापट्टी कोठी बाजार में पहले से चल रही एक इथेनाल फैक्ट्री

chat bot
आपका साथी