गोपालगंज में कई तटबंध जर्जर, मरम्मत में हो रही देरी से बढ़ीं धड़कनें

आठ चिन्हित बिदुओं पर अब भी चल रहा निर्माण व मरम्मत का कार्य 15 जून की मियाद निर्धारित अब भी लटका कई स्थान पर कार्य।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 04 Jun 2021 10:01 PM (IST) Updated:Fri, 04 Jun 2021 10:01 PM (IST)
गोपालगंज में कई तटबंध जर्जर, मरम्मत में हो रही देरी से बढ़ीं धड़कनें
गोपालगंज में कई तटबंध जर्जर, मरम्मत में हो रही देरी से बढ़ीं धड़कनें

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : अब मानसून के आगमन में महज दस दिनों का समय शेष है। लेकिन गंडक नदी की से बचाव को बनाए गए सारण तटबंध व छरकियों की मरम्मत का कार्य सुस्त होने के कारण दियारा इलाके के लोगों की धड़कनें बढ़ गई हैं। अबतक तटबंध को बचाव को लेकर किए गए तमाम कार्य सुस्ती की भेंट चढ़ जाने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। आलम यह कि मानसून के आगमन का समय नजदीक आने के बाद भी आठ चिन्हित स्थानों पर निर्माण व मरम्मत का कार्य अधूरा पड़ा है।

वैसे प्रत्येक वर्ष तटबंध की मरम्मत का कार्य मार्च महीने में प्रारंभ होता है। लेकिन तटबंधों की मरम्मत में सुस्ती का आलम प्रत्येक वर्ष दिखता है। इस साल भी तटबंध की मरम्मत का कार्य प्रारंभ हुआ तो इसके लिए 31 मई तक की मियाद निर्धारित की गई। निर्धारित मियाद पूर्ण होने के बावजूद तटबंध को ठीक किए जाने का कार्य सुस्त रहा है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 41 स्थानों तक तटबंध की मरम्मत व निर्माण का कार्य कराया जाना था। जिसमें से 33 स्थानों पर ही कार्य पूर्ण हो सका है। पूर्ण हुए तटबंध में भी एक-दो स्थानों पर गड़बड़ी का मामला उजागर हो चुका है। अधिकारियों ने तटबंध का निरीक्षण करने के बाद इसे पूर्ण करने की मियाद 15 जून निर्धारित किया है। बावजूद इसके जिले में सारण तटबंध व छरकियों की मरम्मत की सुस्त रफ्तार को देखते हुए कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण होने की संभावना पर संशय की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर तटबंध का निर्माण व मरम्मत अधूरा देखकर दियारा इलाके के लोग संभावित बाढ़ की आशंका से अभी से परेशान हो चले हैं। इस इलाके के लोगों की मानें तो अगर बरसात के पूर्व कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो गंडक नदी के कहर से इलाके को बचाना मुश्किल हो जाएगा।

इनसेट

15 जून के पूर्व पूर्ण कर लेना है काम

गोपालगंज : वैसे तो तटबंध मरम्मत का कार्य 31 मई तक पूर्ण किया जाना था। लेकिन अबतक कार्य की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने के कारण इसे 15 जून के पूर्व हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश जारी किया गया है। कार्य करा रहे सभी संवेदक को सख्त हिदायत गई है कि कार्य गुणवत्ता को ध्यान में रखकर कार्य कराया जाए। ताकि तटबंध सुरक्षित रह सके।

chat bot
आपका साथी