राजग की जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर मनाया जश्न

गोपालगंज संसदीय सीट पर राजग प्रत्याशी डॉ.आलोक कुमार सुमन के रिकार्ड मतों से जीत के साथ ही देश में राजग को पूर्ण बहुमत मिलने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 May 2019 05:44 PM (IST) Updated:Thu, 23 May 2019 07:21 PM (IST)
राजग की जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर मनाया जश्न
राजग की जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर मनाया जश्न

गोपालगंज : गोपालगंज संसदीय सीट पर राजग प्रत्याशी डॉ.आलोक कुमार सुमन के रिकार्ड मतों से जीत के साथ ही देश में राजग को पूर्ण बहुमत मिलने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। राजग कार्यकर्ता जश्न मनाने सड़कों पर उतर आए। इस दौरान जमकर पटाखा छोड़े गए। एक दूसरे को रंग-गुलाल लगा मिठाइयां खिलाई गई। मोदी-नीतीश के समर्थन में नारे गूंजने लगे। देर शाम तक राजग कार्यकर्ताओं का जश्न मनाने का दौर चलता रहा।

गुरुवार को मतगणना शुरू होने से पहले ही मतगणना केंद्र शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र थावे के बाहर राजग तथा महागठबंधन के कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई। सुरक्षा व्यवस्था के कारण कार्यकर्ता मतगणना केंद्र से काफी दूरी पर बंद दुकानों के सामने बैठकर चुनाव परिणाम को लेकर आपस में चर्चा करने लगे। एक्जिट पोल से मिले रुझान को देखते हुए राजग कार्यकर्ताओं में अपनी जीत की पक्की उम्मीद थी। वहीं महागठबंधन के कार्यकर्ता यह उम्मीद लगाए रहे कि एक्जिट पोल से विपरित उनके पक्ष में परिणाम आएगा। लेकिन जैसे-जैसे मतगणना का रुझान सामने आने लगा महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में मायूसी छाने लगी। वहीं राजग के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। गोपालगंज से डॉ. आलोक कुमार सुमन के रिकार्ड मतों से जीतने तथा देश में राजग को पूर्ण बहुमत मिलने के रुझान आने के साथ ही राजग कार्यकर्ता जश्न मनाने की तैयारी में जुट गए। इसी बीच मतगणना की तस्वीर साफ होते ही राजग कार्यकर्ता जश्न मनाने सड़क पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर मिठाइयां खिला अपनी खुशी का जमकर इजहार किया। खुशी के पटाखे छूटने लगे। मोदी-नीतीश के नारे गूंजने लगे। इस जीत के जश्न में जदयू के प्रदेश महासचिव पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, रविप्रकाश मणि त्रिपाठी, मोदी मिशन अगेन के राष्ट्रीय मंत्री डॉ.राजेश वर्णवाल सहित हजारों की संख्या में राजग कार्यकर्ता व समर्थक शामिल रहे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी