हड़ताल पर गए गोपालगंज नगर परिषद के सफाई कर्मी, सफाई व्यवस्था चरमराई

सफाई कर्मी से मारपीट मामले में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से रोष आरोपितों की गिरफ्तारी होने तक हड़ताल जारी रखने का एलान।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 09:13 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 09:13 PM (IST)
हड़ताल पर गए गोपालगंज नगर परिषद के सफाई कर्मी, सफाई व्यवस्था चरमराई
हड़ताल पर गए गोपालगंज नगर परिषद के सफाई कर्मी, सफाई व्यवस्था चरमराई

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : नाली सफाई करने के दौरान स्लैब टूट जाने के बाद सफाई कर्मियों से मारपीट का मामला गरमा गया है। सफाई कर्मियों से मारपीट करने के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित नगर परिषद के सफाई कर्मी शुक्रवार को हड़ताल पर चले गए। इससे शहर की साफ सफाई की व्यवस्था चरमरा गई। कूड़ा-कचरा नहीं उठाए जाने से सड़कों के किनारे कचरा को ढेर लग गया। इस बीच सफाई कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय परिसर में धरना देकर यह एलान किया कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक हड़ताल जारी रहेगा।

इस दौरान धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नगर परिषद के सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने के लिए दिन तथा रात दोनों समय शहर की सड़कों तथा गली मोहल्लों में झाडू लगा रहे हैं। तीन मार्च को कुछ सफाई कर्मी बंजारी रोड में मुख्य नाला की सफाई कर रहे थे। जेसीबी से नाला से स्लैब उठाने के दौरान स्लैब टूट गया। स्लैब टूटने के बाद कुछ लोगों ने सफाई कर्मियों को मारपीट कर घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर सफाई कर्मियों ने थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। लेकिन, पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया। इस बीच आरोपितों ने सफाई कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। इससे आक्रोशित सफाई कर्मी शुक्रवार को हड़ताल पर चले गए। वक्ताओं ने एलान किया कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। धरना के बाद सफाई कर्मियों ने नगर विकास मंत्री, सहकारिता मंत्री, सारण आयुक्त तथा जिलाधिकारी डॉ.नवल किशोर चौधरी को ज्ञापन भेज कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया। वहीं इस संबंध में नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने बताया कि सफाई कर्मियों से मारपीट करने के मामले में दो आरोपितों का गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। दूसरी तरफ हड़ताल के संबंध में पूछे जाने पर नगर परिषद के चेयरमैन हरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि सफाई कर्मियों को हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने के लिए समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी