गोपालगंज में भीड़ बढ़ी को एक्शन में दिखी पुलिस, हर आने-जाने वाले की हुई जांच

सुबह किराना सब्जी व फल दुकानों पर दिखी लोगों की भीड़ दिन चढ़ने के बाद सख्ती बरतने को विवश हुई पुलिस।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 09:19 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 09:19 PM (IST)
गोपालगंज में भीड़ बढ़ी को एक्शन में दिखी पुलिस, हर आने-जाने वाले की हुई जांच
गोपालगंज में भीड़ बढ़ी को एक्शन में दिखी पुलिस, हर आने-जाने वाले की हुई जांच

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : कोरोना संक्रमण पर प्रभावी तरीके से लगाम लगाने के लिए सूबे में लागू किए गए लॉकडाउन के बावजूद लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज नहीं कर रहे हैं। सोमवार को शहर में भीड़ बढ़ने के बाद पुलिस को एक्शन में आने को विवश होना पड़ा। सुबह छह बजे से दिन के 10 बजे तक फल, दूध, सब्जी व किराना की दुकानों के खुलने के कारण अचानक शहर की सड़कों पर भीड़ बढ़ गई। जिसके बाद पुलिस सड़क पर घूमने वालों से सख्ती से निपटने को विवश हुई। पदाधिकारियों के साथ पुलिस के सक्रिय हो जाने से बेवजह सड़क पर घूमने निकले लोग वापस अपने-अपने घरों को लौट गए। इस दौरान पुलिस ने मना करने पर भी सड़क पर घूमने से बाज नहीं आने वालों पर लाठियां चटकाईं। पुलिस की सख्ती को देखकर बेवजह अपने घरों से बाहर निकलने वाले लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।

रविवार को दूसरे चरण के लॉकडाउन की शुरुआत के बाद सोमवार को अचानक सुबह लोगों की भीड़ बढ़ गई। इस बीच दिन के करीब दस बजे पुलिस लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने की जिम्मेदारी उठाने सड़क पर उतरी। इस बीच पुलिस तथा पदाधिकारियों ने लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए सख्ती दिखाई। इस बीच पुलिस के अलावा एसडीओ सदर उपेंद्र कुमार पाल व अन्य कई पदाधिकारियों ने आम लोगों से अपील किया कि सुरक्षित कल के लिए लोग अपने घरों के अंदर ही रहें। प्रशासनिक अपील के बाद पुलिस ने बेवजह घरों से निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू किया। शहर के सिनेमा रोड, मौनिया चौक, आंबेडकर चौक, पुरानी चौक, घोष मोड, थाना चौक, जादोपुर मोड व बंजारी मोड सहित सभी चौक चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बेवजह घर से निकल कर घूम रहे लोगों पर लाठियां चटका कर उन्हें घर में खदेड़ दिया। पुलिस के इस रुख को देखकर कई राहगीर अपना रास्ता बदल कर भागते हुए नजर आए। करीब एक घंटे की पुलिसिया कार्रवाई के बाद सड़कों पर सन्नाटे की स्थिति पैदा हो गई। एसडीओ सदर उपेंद्र कुमार पाल ने बताया कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार ने लॉकडाउन का आदेश जारी किया है। लेकिन कुछ लोग इस आदेश की अनदेखी कर रहे हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इनसेट

दोपहर से दिखा सख्ती का असर, बाहर कम निकले लोग

गोपालगंज : सोमवार को दूसरे चरण के लॉकडाउन के दूसरे दिन 11 बजे के बाद पुलिस तथा प्रशासन के सख्ती का असर दिखा। सुबह बेवजह सड़क पर घूमने निकले लोग पुलिस व प्रशासन की सख्ती को देखकर वापस अपने घर लौट गए। लोग पूरे दिन अपने घरों में ही रहे। इस बीच जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। लेकिन प्रशासन व पुलिस की नजर ऐसे लोगों पर भी बनी रही।

इनसेट

शहर के सभी मुख्य मार्गों पर रखी गई नजर

गोपालगंज : लॉकडाउन के दौरान जिला प्रशासन ने शहर के सभी मुख्य मार्गो पर पैनी रजर रखा। इस बीच शहर के अरार मोड़, बंजारी मोड़ व थावे रोड में पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती दिखी। इस बीच पुलिस कर्मी तमाम मार्गों से आने वाले वाहनों तथा पैदल जा रहे लोगों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान अगर कोई भी व्यक्ति पर्याप्त कारण के बगैर घर से बाहर दिखा तो उसे इस चेतावनी के साथ घर लौटा दिया गया।

chat bot
आपका साथी