लॉकडाउन के दौरान शहर की सड़कों पर दिखा सन्नाटा, बंद रही दुकानें

कोरोना का संकट बढ़ने के बाद लॉकडाउन लागू होने के दूसरे दिन रविवार को शहर की सड़कों पर सन्नाटा दिखा। शहर की दुकानों से लेकर सरकारी कार्यालय तक बंद रहने के कारण लोग शहर में काफी कम संख्या में निकले।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 04:34 PM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 10:58 PM (IST)
लॉकडाउन के दौरान शहर की सड़कों  पर दिखा सन्नाटा, बंद रही दुकानें
लॉकडाउन के दौरान शहर की सड़कों पर दिखा सन्नाटा, बंद रही दुकानें

गोपालगंज। कोरोना का संकट बढ़ने के बाद लॉकडाउन लागू होने के दूसरे दिन रविवार को शहर की सड़कों पर सन्नाटा दिखा। शहर की दुकानों से लेकर सरकारी कार्यालय तक बंद रहने के कारण लोग शहर में काफी कम संख्या में निकले। इस बीच पुलिस ने शहर की सड़कों पर सख्ती को और बढ़ा दिया। पुलिस ने बिना वजह के घरों से बाहर निकलने वालों को सड़क पर रोककर पूछताछ की। पूरे दिन लॉकडाउन वाले इलाकों में मास्क की जांच के लिए अभियान चलाया गया और बगैर मास्क के निकले लोगों से जुर्माना राशि की वसूली की गई।

जिला मुख्यालय सहित मीरगंज, थावे व हथुआ में कारोना के लगातार नए मामले सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने 11 जुलाई की सुबह छह बजे से 18 जुलाई की सुबह छह बजे तक के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लागू किया है। ताकि कोरोना का प्रसार रोका जा सके। लॉकडाउन लागू होने के दूसरे दिन रविवार की सुबह आवश्यक वस्तु की दुकानें भी खुलीं। लेकिन शहर की सड़कों पर लोग काफी कम संख्या में दिखे। जिला मुख्यालय के अलावा मीरगंज नगर पंचायत क्षेत्र से लेकर थावे व हथुआ बाजार में भी रविवार को दुकानें बंद रहीं। इस बीच पुलिस ने कई स्थानों पर मास्क की जांच के लिए अभियान चलाया। लॉकडाउन वाले इलाकों के इंट्री प्वाइंट पर बिहार पुलिस के जवान जगह-जगह तैनात दिखे। अगर कोई भी व्यक्ति लॉकडाउन का उल्लंघन करते दिखा तो उसे तत्काल पुलिस ने दंड भी दिया। इस बीच कई स्थानों पर बगैर मास्क के निकले बाइक चालकों पर कार्रवाई भी की गई। मास्क जांच के लिए तैनात दंडाधिकारियों ने कई स्थानों पर जांच का अभियान चलाकर बगैर मास्क के निकले लोगों से 12 हजार रुपये जुर्माना राशि मद में वसूली की। साथ ही जुर्माना भरने वाले लोगों को दो-दो मास्क भी दिया गया।

इनसेट

सरकारी कार्य में आम लोगों के प्रवेश पर रोक

गोपालगंज : लॉकडाउन लागू करने के बाद जिलाधिकारी ने सरकारी कार्यालयों में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने का आदेश दिया है। उन्होंने तमाम कर्मियों को भी कार्यालय कार्य करते समय मास्क का हर हाल में उपयोग करने तथा शारीरिक दूरी का अनुपालन करने को कहा है। जिलाधिकारी अरशद अजीज ने बताया कि सरकारी कार्यालय ही नहीं घर से बाहर निकलने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए मास्क अनिवार्य है। अगर कोई व्यक्ति बगैर मास्क के घर से बाहर दिखा तो उसपर कार्रवाई निश्चित है। उन्होंने आम लोगों से शारीरिक दूरी के निर्धारित नियमों का भी पालन करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी