रिश्‍ते का कत्‍ल: औरंगाबाद में युवक की गोली मारकर हत्‍या, चाचा व चचेरे भाइयों ने दिया घटना को अंजाम

औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुंडा गांव में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई। घटना से गुस्‍साए लोगों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। हत्‍या का आरोप चाचा और चचेरे भाइयों पर लगा है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 01:18 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 01:18 PM (IST)
रिश्‍ते का कत्‍ल: औरंगाबाद में युवक की गोली मारकर हत्‍या, चाचा व चचेरे भाइयों ने दिया घटना को अंजाम
हत्‍या के बाद विलाप करतीं परिवार की महिलाएं। जागरण
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुंडा गांव में शुक्रवार सुबह में जमीन विवाद में चचेरे भाई एवं चाचा ने मिलकर महराजा सिंह के पुत्र नीकू सिंह उर्फ मीकू उर्फ मणिकांत सिंह (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने समझा कर उन्‍हें शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटना की तफ्तीश की। मृतक के घर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। इधर आरोपित फरार हो गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक तलवार एवं लाठी के साथ ही खून सनी मिट्टी जब्‍त की है। 
चाचा से चल रहा था जमीन का विवाद
नीकू सिंह के भाई रिंकू कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि चाचा के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पहले भी चाचा एवं चचेरे भाई ने हिंसक झड़प की थी। मुफस्सिल थाने में उसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आज उसके भाई घर से कुछ दूर बधार में स्थित खेत पर फसल देखने गए थे। वहां पर चाचा प्रवेश सिंह एवं चचेरे भाई संतोष सिंह, सुजीत सिंह एवं अजय सिंह ने घेर लिया। इसी क्रम में नीकू को गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद घायल युवक को इलाज के लिए स्वजन सदर अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रख जाम कर दिया।
घटना के बाद सभी आरोपित फरार, पुलिस कर रही कैंप
घटना की सूचना पर एसडीपीओ अनूप कुमार, थानाध्यक्ष देवानंद राउत पुलिस बल के साथ पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। गोली मारने के आरोपित चचेरे भाई संतोष सिंह, सुजीत सिंह, चाचा प्रवेश सिंह, अजय सिंह के घर छापामारी की गई लेकिन सभी फरार मिले।
एसडीपीओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौप दिया गया है। गांव में शांति को लेकर पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया हैं। 
(घटनास्‍थल पर जांच-पड़ताल करते एसडीपीओ अनुप कुमार।)
chat bot
आपका साथी