भूमि विवाद में जमकर चली गोली से युवक जख्‍मी, छापेमारी करने गई नवादा पुलिस को मिला हथियारों का जखीरा

गोली चलाने वाला आरोपित चित्तू सिंह मौके से फरार हो गया है। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। आवेदन दिए जाने के बाद दोषी लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर हिरासत में लिए गए लोगों को जेल भेजा जाएगा।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 03:39 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 03:39 PM (IST)
भूमि विवाद में जमकर चली गोली से युवक जख्‍मी, छापेमारी करने गई नवादा पुलिस को मिला हथियारों का जखीरा
जब्‍त हथियार के साथ कागजी कार्रवाई करती पुलिस। जागरण।

संवाद सहयोगी, रजौली (नवादा)। जमीन की खरीद-बिक्री में बकाए रुपए मांगने पर सोमवार की दोपहर रजौली के ड्योढ़ी पर दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में एक युवक को गोली लग गई। गोली लगने के बाद युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में भर्ती कराया गया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया। हालांकि, गोलीबारी में चली गोली से बचने के प्रयास में गोली युवक के गाल को छू कर चली गई, जिससे युवक मौत का शिकार होते-होते बच गया।

मिली जानकारी के मुताबिक रजौली में जमीन खरीदने के लिए दीपक सिंह व उनके अन्य साथियों ने एडवांस के तौर पर चार-महीने पूर्व 30 लाख रूपए ड्योढ़ी निवासी मन्नू सिंह को दिया था। लेकिन इसी बीच लगभग 2 महीने पूर्व मन्नू सिंह का निधन हो गया। मन्नू सिंह के निधन के बाद दीपक सिंह व उसके साथियों ने मन्नू सिंह की पत्नी कंचन देवी से कुछ दिनों पहले रुपए की मांग की थी। लेकिन, रुपए वापस नहीं मिले। इस बीच मन्नू सिंह की पत्नी कहीं चली गई थी।

जब मन्नू सिंह की पत्नी के रजौली आने की सूचना मिली तो दीपक सिंह व उसके साथी रुपए मांगने उसके घर गए। इसी बीच मन्नू सिंह के भाई चित्तू सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से लगभग 10 राउंड फायरिंग की। अचानक गोली चलने के बाद दीपक सिंह व उसके साथी इधर-उधर छुपने लगे। इस बीच रजौली के बभनटोली निवासी स्वर्गीय शिज्जू सिंह के बेटे 25 वर्षीय राजीव कुमार को एक गोली लग गई।

इधर, सूचना मिलने के बाद SHO दरबारी चौधरी, Law and Order के एडिशनल एसएचओ कमलेश कुमार, एएसआई निरंजन सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके पर एक देसी कारबाइन, एक बंदूक और 12 बोर का 5 जिंदा कारतूस बरामद कर लिया। साथ ही गोली चलाने के आरोप में मन्नू सिंह की पत्नी कंचन देवी, उसकी बहन अनुपम देवी और बेटा तुषार सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली चलाने वाला आरोपित चित्तू सिंह मौके से फरार हो गया है। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। आवेदन दिए जाने के बाद दोषी लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर हिरासत में लिए गए लोगों को जेल भेजा जाएगा।

chat bot
आपका साथी