गया में महिला की हत्या, रात में अक्सर घर आने वाले डाक्टर पर बेटी ने उठाए सवाल

गया में एक विवाहिता की घर में घुसकर हत्या कर दी गई है। इस हत्या के बाद मृतका की बेटी ने जो बयान दिया है उससे सनसनी फैल गई है। बेटी ने आरोप लगाया है कि रात में अक्सर घर आने वाले चिकित्सक ने मेरी मां की हत्या की है।

By Rahul KumarEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 10:57 AM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 10:57 AM (IST)
गया में महिला की हत्या, रात में अक्सर घर आने वाले डाक्टर पर बेटी ने उठाए सवाल
गया में घर में घुसकर महिला की हत्या। सांकेतिक तस्वीर

खिजरसराय (गया), संवाद सूत्र । गया में एक विवाहिता की हत्या से सनसनी फैल गई है। घर में सोई हुई विवाहिता की हत्या कर शव को दुपट्टे से लटका दिया गया। इस मामले में मृतका की बेटी के बयान के बाद रात में अक्सर घर आने वाले डॉक्टर को लेकर चर्चा तेज है। खबर के मुताबिक स्थानीय थाना क्षेत्र के हाजीचक गांव में रविवार की रात घर में घुसकर सोई हुई विवाहिता की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को दुपट्टे से बांधकर बरेड़ी से लटका दिया गया।

घटना की सूचना ग्रामीणों ने नगर प्रखंड के केवाली गांव में मायके वालों को दी। साथ ही स्थानीय थाने की पुलिस को भी सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पुलिस व मायके वाले पहुंचे। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव मृतका के माता-पिता को सौंप दिया गया। 

गला दबाकर की गई हत्या

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका की पहचान हाजीचक गांव निवासी जयराम चौधरी उर्फ पप्पू चौधरी की 25 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। महिला अपने घर में दो बच्चियों के साथ अकेली रहती थी। जयराम चौधरी गुजरात में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। घटनास्थल से पुलिस ने फंदे से लटकाया गया दुपट्टे को भी बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस को कुछ नहीं मिला है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका अंजली कुमारी का शव उसके घर के कमरे में लटका पाया गया, लेकिन मृतका की आठ वर्षीय पुत्री ने घटना के बारे में जो बातें बताई है, उसके अनुसार उसकी हत्या किसी ने गला दबाकर की है। इसके बाद शव को लटकाकर चला गया।

'अक्सर रात में घर आता था डाक्टर'

पुत्री ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया है कि मां की हत्या करने वाला व्यक्ति अक्सर रात में घर में आता था। वह पेशे से डाक्टर है और रविवार की रात भी घर में आया था। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। उसने मां के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद घर में मात्र दो छोटी बच्चियां रह गई हैं। मायके वाले दाह संस्कार में लगे थे, इस कारण कोई भी लिखित शिकायत देर शाम तक नहीं की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच की जा रही है। मृतका की पुत्री के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। जिस प्रकार मृतक की पुत्री बयान दे रही है, उससे साफ है कि घटना घर में आने-जाने वाले किसी शख्स ने की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका का मायका नगर प्रखंड के केवाली गांव में है। मायके वालों व ग्रामीणों के सहयोग से दाह संस्कार कराया गया है। दोनों बच्चे मायके वालों के पास सुरक्षित हैं। 

chat bot
आपका साथी