लोगों के बैंक खाते से निकलने लगे पैसे तब ई श्रम कार्ड बनाने वाले युवक का खुला राज, कैमूर की घटना

कैमूर के चैनपुर प्रखंड के मदुरना गांव में ई-श्रम कार्ड बनाने के नाम पर स्थानीय महिलाओं के खाते से राशि उड़ाने का मामला सामने आया है। एक-एक कर ऐसे लोगों की संख्‍या बढ़ने लगी जिनके खाते से पैसे निकाले गए थे। लोगों ने युवक को बंधक बना लिया।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 01:34 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 01:34 PM (IST)
लोगों के बैंक खाते से निकलने लगे पैसे तब ई श्रम कार्ड बनाने वाले युवक का खुला राज, कैमूर की घटना
आरोपित युवक को पकड़कर ले जाती पुलिस। जागरण

चैनपुर (कैमूर), संवाद सूत्र। चैनपुर प्रखंड के मदुरना गांव में ई-श्रम कार्ड बनाने के नाम पर स्थानीय महिलाओं के खाते से राशि उड़ाने का मामला सामने आया है। एक-एक कर ऐसे लोगों की संख्‍या बढ़ने लगी जिनके खाते से पैसे निकाले गए थे। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने उक्त युवक को पकड़ कर बंधक बना लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। चैनपुर थाने की पुलिस ने आरोपित रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। 

श्रम विभाग की ओर से आने की कही बात 

ग्रामीण होरिला सिंह कुशवाहा ने बताया कि गुरुवार को दुर्गावती थाना क्षेत्र के ग्राम दरौली निवासी एक युवक आया। उसने अपना नाम रवि कुमार पिता शिवानंद प्रसाद बताया। कहा कि श्रम विभाग के माध्यम से ई-श्रम कार्ड बन रहा है। यह नि:शुल्क बनाया जा रहा है। ग्रामीणों को उसने इसके कई फायदे बताए। उस युवक के समझाने-बुझाने पर गांव के लोग उसकी बातों में आ गए। ग्रामीणों ने यह सोचा कि श्रम विभाग के माध्यम से उक्त युवक को ई-श्रम कार्ड बनाने के लिए गांवों में भेजा गया है। तब उसने गांव के महिला-पुरुषों का आधार कार्ड मांगा। इसके बाद बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठे का निशान लेकर कार्ड बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों की काफी संख्या में भीड़ जुट गई। लोग कार्ड बनवाने में जुट गए।

मोबाइल पर मैसेज आने पर चौंके लोग 

कुछ ही समय बात वैसे ग्रामीण जिनका बैंक खाता, मोबाइल नंबर से लिंक था उनके मोबाइल पर राशि कटने का मैसेज आना शुरू हो गया। शुरुआती दौर में तो ग्रामीण कुछ समझ नहीं पाए लेकिन जब एक के बाद एक कई लोगों के मोबाइल पर राशि कटने के मैसेज आ गए तो ग्रामीणों में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। इसके बाद रवि कुमार से लोगों ने पूछताछ की। लेकिन उसने कहा कि वह ई-श्रम कार्ड बना रहा है। इसका बैंक में से पैसा कटने से क्या मतलब।

लैपटाप खोलने पर खुल गया राज 

गांव के कुछ पढ़े-लिखे युवकों ने उसकी लैपटाप की जांच शुरू की। उसमें चार तरह के आइडी मिले। बारी बारी से चेक करने पर एक आइडी से लोगों के खाते से पैसे निकालने की डिटेल उपलब्ध थी। फिर क्या था ग्रामीणों ने उक्त युवक को बंधक बना लिया। लैपटॉप, बाइक, मोबाइल आदि जब्त कर लिया। इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मिली। मौके पर निवर्तमान मुखिया प्रभु नारायण सिंह, वर्तमान मुखिया सुभाष सिंह, सरपंच गुद्दर पासवान सहित कई लोग पहुंचे। इसकी सूचना तत्काल चैनपुर थाने को दी गई। घटना की सूचना पर तत्काल देर रात मौके पर पहुंचे एएसआइ अरुण सिंह ने रवि को हिरासत में ले लिया।चैनपुर थानाध्यक्ष उदय भानु सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना प्राप्त हुई थी। आरोपित युवक से पूछताछ की जा रही है।  

chat bot
आपका साथी