कैमूर के कर्मनाशा बाजार की सड़क पर सालों भर सावन-भादो का नजारा, जलजमाव से लोगों में आक्रोश

कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड में कर्मनाशा बाजार में एनएच से स्‍टेशन जानेवाली सड़क पर सालोंभर जलजमाव रहता है। उसी जगह पर लोग कचरा फेंक देते हैं। जलजमाव और सड़ांध भरी बदबू से लोगों काे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Wed, 20 Jan 2021 07:51 AM (IST) Updated:Wed, 20 Jan 2021 11:30 AM (IST)
कैमूर के कर्मनाशा बाजार की सड़क पर सालों भर सावन-भादो का नजारा, जलजमाव से लोगों में आक्रोश
कर्मनाशा बाजार की सड़क का हाल। जागरण

संवाद सूत्र, दुर्गावती (कैमूर)। स्थानीय प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन सड़क पर स्थित कर्मनाशा बाजार में  रेलवे स्टेशन वाली सड़क पर जलजमाव होने से वहां आने जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।  जलजमाव वाली जगह पर लोग कचरा फेंकते हैं। उसके सड़न की दुर्गंध से वहां के लोग त्रस्‍त हैं। बीमारी फैलने की आशंका लोगों को सता रही है। इससे बाजार वासियों में आक्रोश है।  बता दें कि संपर्क सड़क पर हो रहे जलजमाव से आमजनों को आवागमन में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

संपर्क पथ पर जमा रहता है गंदा पानी

एनएच दो से जुड़े इस बाजार की यह सड़क रेलवे स्टेशन तक जाती है। इसके अलावा अगल बगल के गांवों के लोग निकट के कर्मनाशा बाजार में जरुरत के हिसाब से सामानों की खरीदारी करने आते हैं। इस रास्ते से गुजरते समय जलजमाव से बचने के लिए कुछ समय तक रुक कर रास्ते की तलाश करनी पड़ती है, कि किस किनारे से निकला जाए। इसके बाद पैदल गुजरने वाले लोग यहां से आगे बढ़ते हैं। जलजमाव के कारण उक्त जगह सड़क अब गड्ढ़े में तब्दील होकर धंसने लगी है। जलजमाव से इस सड़क की हालत इस कदर हो गई है कि कभी कभी तो दोपहिया, चार पहिया वाहन चालक जलजमाव से रास्ते को नहीं समझ पाते कि किधर गड्ढे हैं और कहा से गुजरा जाए।

कभी कभी यहां से गुजरते समय दुर्घटनाओं की संभावना बन जाती‌ है।  बाजार वासियों ने बताया कि उक्त जलजमाव की समस्या का निदान करने के लिए स्थानीय प्रतिनिधि और शासन प्रशासन के लोगों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। लेकिन किसी का ध्यान इस ओर आकृष्ट नहीं होने के कारण जलजमाव की समस्या विकराल रूप बना लिया है । जिसमें कचड़े सड़ने से दुर्गंध उठ रही है और महामारी फैलने का आशंका बनी हुई है । अगर जलजमाव की निकासी नहीं हुई तो बाध्य एवं विवश होकर जन आंदोलन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी