पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चलेगा टीकाकरण मेगा अभियान, सासाराम व नवादा में 2.10 लाख लोगों को लगेगा कोविड टीका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार (17 सितंबर) को जिले में कोरोना टीकाकरण का मेगा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में सासाराम और नवादा जिला में 2.10 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। दोनों जिलों में 725 केंद्रों पर अभियान की तैयारी पूरी कर ली गई।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 10:20 AM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 11:50 AM (IST)
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चलेगा टीकाकरण मेगा अभियान, सासाराम व नवादा में 2.10 लाख लोगों को लगेगा कोविड टीका
नवादा में सुबह चार बजे से चलेगा टीकाकरण मेगा अभियान, सांकेतिक तस्‍वीर।

सासाराम : रोहतास, जागरण संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार (17 सितंबर) को सासाराम और नवादा जिले में कोरोना टीकाकरण का मेगा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में सासाराम में 1.10 लाख व नवादा में एक लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। सासाराम में 325 केंद्रों व नवादा में 400 केंद्रों पर इस अभियान की तैयारी पूरी कर ली गई। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बुधवार को पूरे दिन तैयारियों को मूर्त रूप देने में व्यस्त रहे। डीडीसी शेखर आनंद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों को अवगत कराया गया।

अधिकारियों व कर्मियों को मिलेगा अलग से भत्‍ता

डीआइओ डा. आरकेपी साहु ने बताया कि 17 सितंबर को चलने वाले मेगा अभियान की तैयारी पूरी कर ली गई है। टीकाकरण में लगे चिकित्सा अधिकारियों, कर्मियों व वाहन चालकों को लंच के लिए डेढ़ सौ के अलावा अवकाश के दिन कार्य करने के एवज में सौ रुपये अलग से भत्ता के रूप में दिया जाएगा। इस अभियान की खास बात यह होगी कि कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रत्येक दो घंटे पर केंद्रवार टीकाकरण प्रगति का जायजा लिया जाएगा। सुबह सात बजे तक सभी स्थल पर टीका उपलब्ध करा दिया जाएगा।

आज चलेगा जागरूकता कार्यक्रम

वरीय पदाधिकारियों के अलावा यूनिसेफ, डब्लूएचओ तथा केयर के प्रतिनिधि टीकाकरण का मानिटरिंग करेंगे। पांचवां महाभियान में 1.10 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्षय रखा गया है। केंद्र पर विधि व्यवस्था ठीक रहे, इसकी जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है। समय-समय पर पुलिस दल की भी गश्ती केंद्रों पर कराने का निर्णय लिया गया है। अभियान सफल हो, इसे गुरुवार को महादलित बस्ती में विकास मित्र द्वारा जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। दूसरे डोज के लाभर्थियों को टेलीफोन से सूचना अलग से दी जाएगी।

नवादा में मेगा कैंप में एक लाख लोगों को टीके लगाने का है लक्ष्य

 जिलाधिकारी यश पाल मीणा ने कहा है कि 17 सितंबर को जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर महा अभियान चलाया जाएगा। जिसमें एक लाख लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी पंचायतों में टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 400 केंद्रों पर लोगों को टीके लगाए जाएंगे। इसके लिए माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। सुबह चार बजे से ही टीका लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। वे बुधवार को समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। पीपीटी के माध्यम से उन्होंने मेगा वैक्सीनेशन कैंप, बाढ़ सुखाड़ से उत्पन्न स्थिति, कृषि, पीएचईडी, यूरिया उर्वरक का भंडारण व वितरण और पंचायत चुनाव के बारे में जानकारी दी।

डीएम ने बताया कि गत 31 अगस्त को आयोजित मेगा कैंप के बारे में बताया कि एक दिन में 55 हजार से अधिक लोगों को टीके लगाए गए थे। उन्होंने सभी टीका कर्मियों, डॉक्टरों, अधिकारियों आदि को बेहतरीन कार्य के लिए धन्यवाद दिया। डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 18 एवं इससे अधिक आयु वर्ग के वैसे सभी व्यक्ति जो अबतक टीका नहीं लिए हैं, वे केंद्रों पर जाकर टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि जिले में 15 लाख 45 हजार लोगों को टीका देने का लक्ष्य है, जिसमें अभी तक 8 लाख 57 हजार 802 व्यक्तियों को टीका दिया जा चुका है। 55 फीसद से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। पहला डोज लेने वालों की कुल संख्या 7 लाख 20 हजार 518 है, जबकि दूसरा डोज लेने वालों की संख्या 1 लाख 37 हजार 284 है। कोविड के तीसरी लहर की संभावना अभी बनी हुई है, इससे जिले वासियों की सुरक्षा के लिए टीके का दोनों डोज लेना जरूरी है। दोनों टीका लेने के बाद कोविड के संक्रमण की आशंका समाप्त हो जाती है।

chat bot
आपका साथी