भगोड़ी दुल्‍हन से पीडि़त यूपी के युवक ने भभुआ में किया FIR, विवाह के नाम पर जालसाजी करनेवाले सगे भाई गिरफ्तार

भभुआ के भगवानपुर थाने की पुलिस ने विवाह के नाम पर जालसाजी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। भभुआ नगर के एसवीपी कालेज के पास से गिरफ्तारी हुई है। हालांकि भगोड़ी दुल्‍हन के बारे में पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 08:40 AM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 02:03 PM (IST)
भगोड़ी दुल्‍हन से पीडि़त यूपी के युवक ने भभुआ में किया FIR, विवाह के नाम पर जालसाजी करनेवाले सगे भाई गिरफ्तार
विदाई के वक्‍त भाग जाती थी दुल्‍हन, सांकेतिक तस्‍वीर।

भगवानपुर (कैमूर), संवाद सूत्र । जिले के भगवानपुर थाने की पुलिस ने विवाह के नाम पर जालसाजी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों भाइयों का गिरोह है। गिरफ्तार जालसाज बेलांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा के अकोढ़ी गांव निवासी शंभू  बिंद के पुत्र जीतन  बिंद व योगेश बिंद के रूप में हुई है।

 विवाह कराने के लिए उक्त गिरोह मुंडेश्वरी धाम समेत अन्य धार्मिक स्थलों का चयन करता था। इस गिरोह में कुछ अविवाहित युवतियां भी शामिल हैं। इनकी शादी अन्य राज्यों से संबंधित दूरदराज इलाके के अमीर लोगों के बेटों से करा दी जा रही थी। शादी की रस्म पूरी होने के बाद वर पक्ष के लोग जैसे ही ट्रेन या फिर किसी अन्य वाहन से दुल्हन को लेकर अपने घर लौटने की तैयारी करते, वैसे ही दुल्हन कोई बहाना बनाकर बीच रास्ते से ही वापस भाग आती थी।

यूपी के पीडि़त युवक ने एफआइआर किया था

थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन ने बताया कि गिरफ्तार दोनों भाइयों का गिरोह है। वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश के झांसी जिला निवासी युवक विनोद कुमार पिता कैलाश नारायण द्वारा स्थानीय थाने की पुलिस को आवेदन देकर शादी-विवाह के नाम पर जालसाजी करने का आरोप लगा गिरोह के कुछ सदस्यों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद आवेदक की निशानदेही पर मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपपुर गांव निवासी आशा देवी नामक एक महिला को जेल भेजा गया था। उक्त दोनों गिरफ्तार सगे भाई भी उसी गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस से बचने के लिए कुदरा में शरण लिए हुए थे।

थानाध्यक्ष के अनुसार बुधवार को इन दोनों की गिरफ्तारी जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल कालेज के पास से की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों को कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की तैयारी कर रही। हालांकि गिरोह में दुल्हन का किरदार निभाने वालीं युवतियों के बारे में थानाध्यक्ष ने कुछ भी बताने से इन्कार किया।

chat bot
आपका साथी