शादी में शामिल होने से औरंगाबाद से आई दो बहनें रोहतास में डूबीं, सोन नदी में नहाते समय हादसा

रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दो चचेरी बहनें सोन नदी में स्‍नान के दौरान डूब गईं। दोनों औरंगाबाद जिले की रहनेवाली थीं। वे शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। मशक्‍कत के बाद उनका शव बरामद किया गया।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 11:31 AM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 11:31 AM (IST)
शादी में शामिल होने से औरंगाबाद से आई दो बहनें रोहतास में डूबीं, सोन नदी में नहाते समय हादसा
सोन नदी में नहाते समय दो बहनें डूबीं। प्रतीकात्‍मक फोटो

नासरीगंज (रोहतास), संवाद सूत्र। स्थानीय थानाक्षेत्र के महदेवां गांव में सोमवार की देर शाम सोन नदी में नहाने गई दो बच्चियां डूब गई। मशक्कत के बाद दोनों का शव नदी से निकाला गया। मृतका औरंगाबाद जिला के पौथू थाना क्षेत्र के बिरुआ गांव निवासी सिकंदर पासवान की 14 वर्षीया पुत्री प्रियंका कुमारी व अखिलेश पासवान की आठ वर्षीया पुत्री पम्मी कुमारी थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया।

दोनों आपस में थीं चचेरी बहनें 

थानाध्‍यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि दोनों बच्चियां अपने रिश्तेदार महदेवा गांव निवासी बाल्मिकी पासवान के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ आई थी। आज देर शाम वे व दो अन्य लड़कियां नहाने के लिए सोन नदी में गई, जहां नहाने के क्रम में पम्मी गहरे पानी में चली गई । उसे बचाने के लिए गई प्रियंका भी डूबने लगी। साथ गई बच्चियों ने शोर मचाया तथा बचाने का प्रयास की। घर वालों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से सोन नदी में घटनास्थल के पास बच्चियों की खोज शुरू की गई। गोताखोरों को भी लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों का शव बरामद हुआ। दोनों बच्चियां चचेरी बहन बताई जाती हैं।

शादी वाले घर में पसर गया मातम 

सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे सीओ श्याम सुंदर राय, स्थानीय पुलिस और प्रखंड उपप्रमुख विकास सिंह, पूर्व जिला पार्षद अनिल सिंह ने सभी के सहयोग से नदी में डूबी बच्चियों को बाहर निकाल कर पीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सीओ ने बताया कि यहां से दोनों के डूबने से हुई मृत्यु की रिपोर्ट भेजी जाएगी। भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर मृतक के परिजन को गृह प्रखंड से मुआवजे की राशि दी जाएगी। वहीं सिकंदर पासवान के घर शादी की खुशियां इस घटना के बाद मातम में बदल गई है। मृतक बच्चियों के मां-बाप का रो रोकर बुरा हाल है।

chat bot
आपका साथी