Gaya: एएसपी व थानेदार पर पथराव व फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार, बालू माफिया ने किया था हमला
चाकंद में हुई गोलीबारी में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। एक हाइवा भी पुलिस ने जब्त की है। इस मामले में 25 को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गया, जागरण संवाददाता। जिले के चाकंद थाना क्षेत्र के मेहरबानपुर गांव के समीप पुलिस पर हमले के मामले में दो आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही एक हाईवा को भी पुलिस ने जप्त किया है। घटनास्थल से पुलिस ने गोली के कई खोखे बरामद किए हैं। उनकी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार एडिशनल एसपी और चाकंद थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पर बालू माफिया ने पथराव किया था। इसके बाद फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि इस घटना में पुलिस अधिकारी किसी तरह से चोटिल नहीं हुए थे। इस मामले में चाकंद थाना के पुलिस पदाधिकारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें 25 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है जबकि एक सौ अज्ञात लोग शामिल हैं।
बालू लदे वाहन को रोकने पर किया गया था पथराव
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह का कहना है कि शुक्रवार की रात को स्थानीय थाना क्षेत्र के मेहरबानपुर गांव के समीप बालू से लदा हुआ वाहन को रोका गया था। उसके बाद बालू माफिया और स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस पर पथराव शुरू कर दी गई थी। भीड़ के बीच से कई राउंड फायरिंग की गई थी। फिर भी पुलिस ने संयम बरतते हुए हंगामा कर रहे लोगों को घटनास्थल से भगाया। बाद में चाकंद थाने की पुलिस के सहयोग के लिए जिला मुख्यालय और बेलागंज अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया था। इसके बाद भी माफिया ने पथराव और फायरिंग की। देर रात तक दोनों थाना की पुलिस गश्ती कर कई स्थानों पर छापेमारी की। जहां से दो आरोपितों को पकड़ा गया है। साथ हीं हाइवा को जप्त करने में सफलता हासिल की है। अन्य आरोपितों की खोज करने के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। मालूम हो कि क्षेत्र में बालू माफिया काफी सक्रिय हैं। जगह-जगह बालू को डंप कर वे कारोबार करते हैं। उनका हौसला इतना बुलंद होता है कि वे पुलिस को भी तवज्जो नहीं देते।