हादसे में घायल को देखने जा रहे थे अस्‍पताल, औरंगाबाद में ट्रक से कुचलकर नाना और नाती की मौत

औरंगाबाद में हादसे की रफ्तार थम नहीं रही है। शुक्रवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार लोग रोहतास की ओर जा रहे थे।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 10:45 AM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 11:16 AM (IST)
हादसे में घायल को देखने जा रहे थे अस्‍पताल, औरंगाबाद में ट्रक से कुचलकर नाना और नाती की मौत
सदर अस्‍पताल में इलाज के लिए लाया गया घायल। जागरण

औरंगाबाद, जागरण संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर मंजुराही गांव के मोड़ के पास एलआइसी कार्यालय के सामने शुक्रवार की सुबह ट्रक से कुचलकर बाइक सवार नाना और नाती की मौत हो गई। इस घटना में एक व्‍यक्ति घायल हो गया। घायल का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। बताया जाता है कि वे तीनों एक बाइक पर सवार होकर सासाराम जा रहे थे। इसी क्रम में एलआइसी कार्यालय के पास पीछे से आए ट्रक ने कुचल दिया। मृतकों में इसी जिले के ढिबरा थाना क्षेत्र के निमिडीह गांव निवासी 70 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव एवं उनका 18 वर्षीय नाती कुंदन कुमार शामिल हैं। ब्रह्मदेव यादव का पुत्र हादसे में घायल हो गया है। 

घायल बेटे को देखने जा रहे थे अस्‍पताल 

बताया जाता है कि ब्रह्मदेव यादव का एक पुत्र 10 दिनों पूर्व सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसका इलाज सासाराम के एक अस्पताल में चल रहा है। उसी को देखने एक ही बाइक से ब्रह्मदेव, उनके पुत्र और नाती  सासाराम जा रहे थे। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक लेकर भागने में सफल रहा। घटना के बाद आसपास के लोग दौड़ पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। घटना की सूचना पर पुलिस पहले घटनास्थल पर पहुंची इसके बाद सदर अस्पताल पहुंची और घायल का बयान लिया। वहां से दोनों शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना की सूचना पर मृतक के स्वजन सदर अस्पताल पहुंचे। स्वजन शव को देख उससे लिपटकर रोने लगे। 

10 दिनों में टूटा विपत्ति का पहाड़ 

लोगों का कहना था कि ये कैसी विपत्ति है कि घायल बेटे का कुशल क्षेम जानने के लिए जाते समय ब्रह्मदेव तो काल के गाल में समा ही गए, उनके जवान नाती की भी मौत हो गई। इधर दूसरे बेटे की हालत नाजुक बनी है। उसे सदर अस्‍पताल से रेफर कर दिया गया है। इस हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है।  

chat bot
आपका साथी