मुहर्रम पर थी चाक-चौबंद व्‍यवस्‍था, नवादा में मामूली विवाद पर हो गई फायरिंग

मुहर्रम पर्व के मद्देनजर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर थाना क्षेत्र के बड़ी दरगाह मोहल्ले में शुक्रवार को मामूली विवाद में मारपीट व गोलीबारी हुई। पांच राउंड फायरिंग की गई। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sat, 21 Aug 2021 06:11 AM (IST) Updated:Sat, 21 Aug 2021 06:11 AM (IST)
मुहर्रम पर थी चाक-चौबंद व्‍यवस्‍था, नवादा में मामूली विवाद पर हो गई फायरिंग
रोड़ पर झगड़े के बाद घर में घुसकर मारपीट व फायरिंग, सांकेतिक तस्‍वीर।

नवादा, संवाद सहयोगी। मुहर्रम पर्व के मद्देनजर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर थाना क्षेत्र के बड़ी दरगाह मोहल्ले में शुक्रवार को मामूली विवाद में मारपीट व गोलीबारी हुई। पांच राउंड फायरिंग की गई। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बाइक से धक्का लगने के बाद उत्पन्न विवाद में मारपीट व गोलीबारी होने की बात कही जा रही है। इस संबंध में बड़ी दरगाह मोहल्ला निवासी मो. फहीमउद्दीन ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें गोंदापुर के इमरान को नामजद व दस अज्ञात को आरोपित किया गया है। घटना के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर भगदड़ मच गया।

घर में घुसकर मारपीट व फायरिंग

बताया जाता है कि गोंदापुर का इमरान बुलेट बाइक से कहीं जा रहा था। तभी बड़ी दरगाह में फहीमउद्दीन के बेटा राजा को बाइक से ठोकर लग गई। जिसके बाद विवाद उत्पन्न हो गया। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। तब स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करते हुए झगड़े को शांत कराया। जिसके बाद इमरान वापस लौट गया। लेकिन कुछ ही देर में वह अपने दस अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और फहीमउद्दीन के घर में घुसकर मारपीट करने लगा। इस दौरान पांच राउंड फायरिंग भी की। गोलीबारी होते ही मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस बीच  आरोपित भाग निकले। इसकी जानकारी मिलते सदर एसडीएम उमेश कुमार भारती, एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद, सर्किल इंस्पेक्टर नेयाज अहमद, प्रभारी नगर थानाध्यक्ष नरोत्तम पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और मामले की छानबीन की। घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। बहरहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रित है।

नवादा सदर एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद ने बताया कि  बाइक से धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाबत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गोलीबारी की घटना स्पष्ट नहीं है।

chat bot
आपका साथी