Gaya Weather Forecast : गया में मौसम ने अचानक ली करवट, अगले 24 घंटे तक मौसम रहेगा सुहावना

Gaya Weather Forecast गया में आज मौसम ने अचानक करवट ली। भीषण गर्मी के बाद आज अचानक सुबह से ही तेज ठंडी हवाओं के साथ कई जगहों पर बूंदा बांदी हो रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार उड़ीसा में आए चक्रवात का असर यहां भी दिख रहा है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 10:14 AM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 01:08 PM (IST)
Gaya Weather Forecast : गया में मौसम ने अचानक ली करवट, अगले 24 घंटे तक मौसम रहेगा सुहावना
गया में प्रचंड गर्मी के बाद आज मिली बड़ी राहत, सांकेतिक तस्‍वीर।

गया, जागरण संवाददाता। Gaya Weather Forecast: गया जिले में आज मंगलवार (14 सितंबर) मौसम ने अचानक करवट ली। भीषण गर्मी के बाद आज अचानक सुबह से ही तेज ठंडी हवाओं के साथ कई जगहों पर बूंदा बांदी हो रही है। औरंगाबाद और भभुआ में भी मौसम बारिश  लिए हुए है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार उड़ीसा में आए एक चक्रवात का असर गया जिले में भी देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटे तक गया का मौसम सुहावना रहने के आसार हैं।

भीषण गर्मी के बाद मिली राहत

गया में सुबह से ही तेज हवाएं चल रही है। रह-रहकर बूंदाबांदी हो रही है। आसमान पूरी तरह से बादलों से ढका हुआ है। ठंडी हवा पूरे मौसम को तरोताजा किए हुए है। आज पूरे दिन मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। आज के मौसम की बात करें तो आज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पास रहेगा। गया जिले वासियों को कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद आज बड़ी राहत मिली है।  गया जिले में बीते कई दिनों से अधिक तापमान के बीच प्रचंड गर्मी पड़ रही थी।

मौसम विज्ञानी ने कहा

मौसम विज्ञानी डॉ जाकिर हुसैन ने कहा कि उड़ीसा में आए चक्रवात का हल्का असर गया जिले में भी देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटों तक इसका असर रह सकता है। 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। हल्की से मध्यम बारिश भी होगी।

कैमूर में धूप-छांव की राहत

कैमूर जिले में सुबह से ही बादलों का आवागमन जारी है। कभी धूप तो कभी छांव का मौसम है। 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा से हवा चल रही है। मौसम सुहाना बना हुआ है। कई दिनों से तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे। आज मौसम सुहाना होने से लोगों को राहत मिली है।

14  से 16 सितंबर तक होगी हल्की बारिश

औरंगाबाद में कृषि विज्ञान केंद्र सिरिस के मौसम वैज्ञानिक डा. अनूप कुमार चौबे ने बताया है कि आसमान में मध्यम बादल छाए रहेंगे 14 से 16 सितम्बर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है l तापमान में गिरावट भी होगी l  इस समय अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेंटीग्रेड तथा न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी