हल्की बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से लोगों को मिली राहत, कैमूर के किसानों के चेहरे पर छाई खुशी

जुलाई के दूसरे पखवाड़ा के शुरुआती दिनों तक मौसम साथ नहीं दिया। इसके बाद भी किसान हार नहीं माने। बारिश का अभाव व उसके बाद किसानों को खाद की किल्लत भी हुई। लेकिन किसान अपने कार्य पर डटे रहे।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 11:51 AM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 11:51 AM (IST)
हल्की बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से लोगों को मिली राहत, कैमूर के किसानों के चेहरे पर छाई खुशी
बारिश के बाद सुहाना हुआ मौसम और गर्मी से मिली राहत। जागरण आर्काइव।

जागरण संवाददाता, भभुआ। कैमूर जिले में बीते दो-तीन दिन से मौसम का मिजाज बदला है। आसमान में बादल छाए रह रहे हैं। कभी-कभी हल्की बारिश भी हो रही है। शुक्रवार की सुबह और दोपहर में हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। बीते सप्ताह लोग गर्मी से बेहाल थे।

घर या बाहर कहीं भी लोगों को चैन नहीं मिल रहा था। लेकिन बीते दो-तीन दिन से मौसम में बदलाव व कभी-कभी हल्की बारिश होने से लोगों को काफी राहत मिली है। उधर मौसम सुहाना और नमी होने से किसानों में काफी खुशी देखी जा रही है। उधर किसान इन दिनों रोपनी का कार्य संपन्न कराने में जुटे हैं। कहीं किसान धान की रोपनी करा रहे हैं तो कहीं खेत में खाद छींट रहे हैं।

बता दें कि बीते जून माह में बेमौसम काफी अच्छी बारिश हुई। इसके चलते किसानों ने समय से धान का बिचड़ा डाल दिया। बारिश होने के चलते धान का बिचड़ा समय पर तैयार भी हो गया। तब तक जुलाई का महीना प्रारंभ हो गया। जुलाई का महीना शुरू होते ही मौसम ने दगा दे दिया। बारिश के अभाव में धान की रोपनी प्रभावित होने लगी। तब किसानों ने मोटर मशीन चला कर धान की रोपनी करनी शुरू की।

जुलाई के दूसरे पखवाड़ा के शुरुआती दिनों तक मौसम साथ नहीं दिया। इसके बाद भी किसान हार नहीं माने। बारिश का अभाव व उसके बाद किसानों को खाद की किल्लत भी हुई। लेकिन, किसान अपने कार्य पर डटे रहे। इससे जिले में लगभग 70 फीसद से अधिक धान की रोपनी हो गई। तब जुलाई के अंतिम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदला और हल्की बारिश हुई। इससे किसानों के चेहरे पर खुशी लौट आई।

chat bot
आपका साथी