Crime: रोहतास से शादी में भभुआ आया था किशोर, छत पर उतार रहा था कपड़े, तभी गोली मार की गई हत्‍या

किशोर विवेक कुमार रोहतास जिला के चेनारी थाना के सरेयां गांव के राजेश कुमार सिंह यादव का पुत्र बताया जाता है। वह सकरी गांव में विवाह समारोह में आया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना के कारणों का पता नहीं लगा है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 11:29 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 09:48 PM (IST)
Crime: रोहतास से शादी में भभुआ आया था किशोर, छत पर उतार रहा था कपड़े, तभी गोली मार की गई हत्‍या
सदर अस्‍पताल में पोस्‍टमॉर्टम हाउस के बाहर पहुंचे स्‍वजन। जागरण।

भभुआ, जागरण संवाददाता। जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी गांव में शुक्रवार की रात गोली से घायल युवक की रात में ही मौत हो गई। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां पहुंचने के साथ मौत हो गई। चिकित्सक ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। शनिवार की सुबह युवक के शव का परिजनों के आने के बाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद उन्हें सौंप दिया गया।

रोहतास जिले के चेनारी थाना के सरैयां गांव निवासी व मृतक लगभग 22 वर्षीय विवेक कुमार सिंह के पिता राजेश सिंह के अनुसार उनके गांव के लड़के सुनील कुमार के अनुसार सकरी निवासी आलोक सिंह ने विवेक के सीने पर अपने पिस्टल से गोली चलाई है। उन्हें शुक्रवार की रात 11:30 बजे सूचना मिली कि आपके बेटे को गोली लगी है। वे जब अन्य लोगों के साथ सदर अस्पताल पहुंचा तो मृत बेटे का शव देखने का मिला।

घटना के संबंध में मृतक के चाचा कामेश्वर सिंह ने सदर अस्पताल में बताया कि विवेक सिंह अपने घर के बगल के सुनील कुमार सिंह व अन्य युवकों के साथ सकरी के रोगी सिंह के घर न्‍योता देने गया था। वहां से अन्य लोगों के साथ भभुआ बारात करने भी गया था। बारात से खाना खाकर अन्य युवकों के साथ वह बाइक से सकरी लौट कर आलोक सिंह के घर की छत पर सोने के लिए कपड़ा उतार रहा था कि आलोक सिंह ने अपने पिस्टल से उसे गोली मार दी। सीने में गोली लगने से घायल विवेक सिंह को सुनील कुमार उर्फ प्रिंस नाम के युवक इलाज के लिए कुदरा पीएचसी ले गए, जहां से युवक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

रात में लगभग एक बजे सदर अस्पताल पहुंचने पर आपात चिकित्सा कक्ष में ड्यूटीरत चिकित्सक डॉ. विनय तिवारी ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार की भोर में सभी परिजनों के सदर अस्पताल पहुंचने पर कुदरा पुलिस की देखरेख में उक्त चिकित्सक ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने हत्या का कारण पूछने पर तत्काल कुछ बताने में असमर्थता प्रकट की। समाचार प्रेषण तक मृतक के शव को लेकर कुदरा थाना पहुंच चुके थे और प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही थी।

chat bot
आपका साथी