घर से सात दिनों से लापता 14 वर्षीया किशोरी का शव बरामद, रोहतास के चेनारी की घटना

एक सप्ताह पूर्व लाल बहादुर सिंह ने थाने अपनी पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। इसी बीच किशोरी का शव कुंआ से बरामद किया गया।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 01:46 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 01:46 PM (IST)
घर से सात दिनों से लापता 14 वर्षीया किशोरी का शव बरामद, रोहतास के चेनारी की घटना
सात दिन पहले किशोरी के लापता होने का पिता ने एफआइआर कराया था दर्ज, सांकेतिक तस्‍वीर।

चेनारी (रोहतास), जागरण टीम। जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के तेतरी गांव के बधार में गुरुवार को एक किशोरी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया है।

 चेनारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया की  दोपहर उनके मोबाईल पर किसी ने तेतरी बधार के कुंआ में शव होने की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जब शव को निकलवाया तो उसकी पहचान डोईआ गांव निवासी लाल बहादुर सिंह यादव की 14 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व लाल बहादुर सिंह ने थाने अपनी पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। इसी बीच किशोरी का शव कुंआ  से बरामद किया गया। किशोरी के गर्दन पर कटे होने का निशान भी पाया गया है। स्वजनों का कहना है कि 14 अक्टूबर को नवमी की रात सभी सदस्य खाना खाकर सो रहे थे। रात में वह घर के बाहर गई थी, स्वजनों को लगा की गांव में टीवी पर रामायण सीरियल चल रहा है, हो सकता है वहीं गई है। सुबह तक जब घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। कहीं पर भी उक्त किशोरी का पता नहीं चलने पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया। गुरुवार को शव बरामद होने की सूचना मिली।

सासाराम एसडीपीओ विनोद कुमार रावत ने कहा की पोस्टमार्टम करा शव को स्वजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। मृतका के स्वजनों से घटना के संबंध में जानकारी एकत्रित की जा रही है। दोषी जल्द ही पकड़े जाएंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही घटना के कारणों की सही जानकारी हो पाएगी।

chat bot
आपका साथी