एसएसबी जवान के पिता की छुरा घोंप कर हत्या, भाई जख्मी, नवादा के अकबरपुर में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

नवादा जिला के अकबरपुर थाना क्षेत्र के नान्हू बिगहा में गुरुवार को एसएसबी जवान अजय कुमार के पिता बलबीर प्रसाद की छुरा घोंप कर हत्या कर दी गई। जबकि उनका भाई छोटू गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। मामला जमीन विवाद का बताया जाता है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 05:02 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 05:12 PM (IST)
एसएसबी जवान के पिता की छुरा घोंप कर हत्या, भाई जख्मी, नवादा के अकबरपुर में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के नान्हू बिगहा गांव की, सांकेतिक तस्‍वीर।

अकबरपुर (नवादा), संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के नान्हू बिगहा में गुरुवार को एसएसबी जवान अजय कुमार के पिता बलबीर प्रसाद की छुरा घोंप कर हत्या कर दी गई। जबकि उनका भाई छोटू गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे जमीन विवाद बताया जा रहा है। एसएसबी जवान अरुणाचल प्रदेश के तवांग में पदस्थापित हैं और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए हैं। घटना से आक्रोशित जवान ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर विरोध जताया।

आक्रोशित स्वजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर पटना-रांची पथ को गांव के समीप जाम कर दिया। बताया जाता है कि बलबीर और उनके भाई बालक यादव के बीच पिछले कई सालों से जमीन विवाद चल रहा था। इसे लेकर बलबीर और उनके पुत्र पर छुरे से हमला कर दिया गया। इसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। आनन-फानन में स्वजन दोनों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने बलबीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं जख्मी छोटू को प्राथमिक उपचार के बाद विम्स रेफर कर दिया।

 बेटे ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

पिता को मृत घोषित किए जाने के बाद एसएसबी जवान कलेक्ट्रेट पहुंच गए और अपना विरोध जताया। उनका कहना था कि जिस समय पिता व भाई पर छुरा से हमला किया जा रहा था, उस समय अकबरपुर थानाध्यक्ष, एसपी को सूचना दी गई। लेकिन पुलिस ने सुध नहीं ली। पुलिस पूरी तरह से लापरवाह बनी रही। ऐसी परिस्थिति में कैसे देश सेवा कर सकते हैं। कुछ देर बाद एसएसबी जवान अस्पताल पहुंचे और पिता का शव लेकर गांव चले गए। उनका कहना था कि जब समय रहते पुलिस ने एक्शन नहीं लिया तो अब एफआइआर कराने का क्या फायदा।

पथ जाम कर लोगों ने जताया विरोध

शव गांव पहुंचने के बाद स्वजनों व ग्रामीणों ने पटना-रांची पथ को जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। अधिकारियों को सूचना भी दी गई थी। लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर अकबरपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार वहां पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। हालांकि पुलिस और स्वजनों के बीच काफी देरतक एफआइआर व कार्रवाई को लेकर जिच चलती रही।

स्वजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल

घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल था। उनके विलाप से माहौल गमगीन बना था। घर की महिलाएं दहाड़ मारकर रो रही थी। उन्हें चुप कराने पहुंच रहे ग्रामीण भी अपनी आंसुओं पर काबू नहीं कर पा रहे थे। लोगों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

chat bot
आपका साथी