Bihar: एक महिला के प्रेम में पड़कर पिता लिख रहे थे जमीन, इसलिए बेटे ने उठाया इतना बड़ा कदम
गांव की एक महिला से पिता के प्रेम संबंधाें से नाराज बेटे ने इतना बड़ा कदम उठा लिया कि पिता की हत्या ही कर दी। पुलिस ने आरोपित के घर से हथियार बरामद किया है। हालांकि हत्या में प्रत्युक्त हथियार और हत्यारे काे नहीं पकड़ सकी है।
भगवानपुर (कैमूर), संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के कसेर गांव में रविवार को एक युवक ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरंभ में घटना का कारण भूमि विवाद सामने आया। मामला तो भूमि से ही जुड़ा है। लेकिन कहानी कुछ और है। कहानी है अवैध संबंधों का। बहरहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा स्वजन को सौंप दिया। पुलिस ने छह गोलियां और एक बंदूक बरामद किया है।
एक महिला के नाम लिख दी थी ढाई बीघा जमीन
गांव वालों ने बताया कि कोमल पांडेय (60) का अनुसूचित जाति की एक महिला से प्रेम संबंध चल रहा था। उसके चक्कर में फंसकर उसके नाम से कोमल पांडेय ने करीब ढाई बीघा जमीन लिख दिया था। इस बात से बड़ा पुत्र माला पांडेय काफी नाराज रहता था। उसने पिता को काफी समझाया लेकिन काेमल पांडेय पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। पिता ने कहा कि उनकी संपत्ति हैं वे चाहे जो करें। माला पांडेय को यह बात नागवार गुजरी। गुस्से में उसने रविवार को पिता को गोली मार दी। गोली मुंह में लगने से घटनास्थल पर ही कोमल पांडेय की मौत हो गई थी।
जिस हथियार से मारी थी गोली, उसे बरामद नहींं कर पाई है पुलिस
सूचना पर पहुंंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घर से छह गोलियां व एक बंदूक बरामद किया। हालांकि जिस हथियार से गोली मारी गई वह पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। माला पांडेय भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार रोशन ने बताया कि पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार लिया जाएगा।इधर गांव में दूसरे दिन भी दबी जुबान लोग इस घटना की चर्चा करते रहे। लोगों का कहना है कि माला पांडेय को इतना जघन्य कदम नहीं उठाना चाहिए था। गुस्से में आकर जिस तरह से उसने घटना को अंजाम दिया है। अब जेल में उसकी जिंंदगी गुजरेगी। कोमल पांडेय के घर में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- Gaya: जीजाजी को भारी पड़ेगी आशिकमिजाजी, साले ने लगाया यह गंभीर आरोप, खाएंगे जेल की हवा