बिहार में शराबबंदी को विफल साबित कर रहे तस्‍कर, जानिए औरंगाबाद में कौन सप्‍लाई करता झारखंड की शराब

करीब 50 लीटर विदेशी शराब तीन बाइक और मोबाइल के साथ जिले का मुख्य सरगना समेत छह शराब कारोबारी बुधवार को गिरफ्तार किए गए। यह गिरफ्तारी और बरामदगी दो अलग अलग मामलों में हुई है। दो अलग अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 03:12 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 03:12 PM (IST)
बिहार में शराबबंदी को विफल साबित कर रहे तस्‍कर, जानिए औरंगाबाद में कौन सप्‍लाई करता झारखंड की शराब
शराब के मामले में दाउदनगर में पुलिस के हत्‍थे चढ़े आरोपित। जागरण।

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद)। करीब 50 लीटर विदेशी शराब, तीन बाइक और मोबाइल के साथ जिले का मुख्य सरगना समेत छह शराब कारोबारी बुधवार को गिरफ्तार किए गए। यह गिरफ्तारी और बरामदगी दो अलग अलग मामलों में हुई है। दो अलग अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम के अनुसार बुधवार को शराब के पूर्व कांडों के अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर शराब के कई कांडों के फरार अभियुक्त सतीश कुमार को दाउदनगर गया रोड में गाजा बिगहा के पास गिरफ्तार किया गया। सतीश कुमार ओबरा थाना के गांव नुआंव का निवासी बताया जाता है। चोरी की गाड़ी से दाउदनगर में शराब बेचने आया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। वह शराब धंधेबाजों के अंतरराज्यीय गिरोह का औरंगाबाद जिला में मुख्य सरगना है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि उसकी निशानदेही पर ओबरा थाना के महदीपुर निवासी श्रीकांत कुमार और इसी थाना के ही मसकली चक निवासी पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से सुमो गोल्ड टाटा एक पैशन प्रो बाइक पकड़ा। फिर इनकी निशानदेही पर ही दाउदनगर थाना क्षेत्र के कुर्बान बिगहा निवासी अजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सभी द्वारा बिक्री के लिए छुपा कर रखा हुआ 3 कार्टून में 83 बोतल शराब जप्त किया गया। हर बोतल 300 एमएल का बताया गया है। इनके पास से कुल 24.9 लीटर शराब तरारी बम रोड के पास झाड़ी के पास से की गई है। इस मामले में दो मोबाइल जब्त किया गया है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस कार्रवाई कर रही थी तो उसी वक्त इस रास्ते से गुजर रहे शराब के दो अन्य धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। औरंगाबाद रोड से एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति जा रहे थे। पुलिस ने उन को रोका। शक के आधार पर जांच की तो इनके पास से दो बैग में 45 बोतल उच्च कोटि का विदेशी शराब बरामद किया गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस गिरफ्तारी के मामले में कलेर थाना के अगनूर निवासी धर्मेंद्र कुमार और इसी थाना क्षेत्र के जलवईया निवासी अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों दाउदनगर में शराब का धंधा नहीं करते। लेकिन इस रास्ते से गुजरने के कारण वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उनके पास से कुल 45 बोतल शराब बरामद किया गया जो किसी शादी समारोह में आपूर्ति करना था। इनके पास से एक बाइक अपाची बरामद किया गया है।

पूर्व में भी दो बड़ी बरामदगी में रहा है शामिल

बुधवार को हुई कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए सतीश कुमार को औरंगाबाद जिला में शराब धंधे वालों के अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य सरगना पुलिस बता रही है। वह करीब एक दर्जन कांडों में वांक्षित है। उसके खिलाफ ओबरा और दाउदनगर थाना में कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस ने बताया कि शराब धंधा से ही संबंधित ओबरा और दाउदनगर के दो दो काण्डों में वह फरार चल रहा है। बताया गया कि 21 मई को दाउदनगर के पत्थर कट्टी और ओबरा के देवकली के पास जो ट्रक से शराब बरामद हुआ था उस मामले में भी सतीश की संलिप्तता है। अजीत कुमार भी शराब कांड से संबंधित एक बड़े मामले में जेल जा चुका है। पुलिस इनके इतिहास को खंगाल रही है कि और कौन कौन मामला इनके खिलाफ किस किस थाने में दर्ज है।

झारखंड का सीमावर्ती इलाका अवैध शराब कारोबार का अड्डा

औरंगाबाद जिला से सटा हुआ झारखंड का सीमावर्ती इलाका अवैध शराब कारोबार का मुख्य अड्डा बना हुआ है। प्रायः छोटी-छोटी खेप झारखंड के सीमावर्ती शराब दुकानों से ही इस इलाके में आती है। बुधवार को 45 बोतल उच्च कोटि के विदेशी शराब के साथ जो गिरफ्तारी हुई है वह दोनों व्यक्ति हरिहरगंज से शराब लेकर आ रहे थे। हालांकि उनका डिलीवरी स्थल दाउदनगर थाना क्षेत्र ना होकर कलेर थाना क्षेत्र बताया जाता है। औरंगाबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में और औरंगाबाद से सटे सीमावर्ती जिला अरवल के थाना क्षेत्रों में शराब आपूर्ति करने वाले अवैध शराब कारोबारी झारखंड से शराब खरीद करते हैं। रात्रि में इन की आवाजाही अधिक होती है। दिन में भी इनकी आवाजाही होती है। बाइक या चार पहिया वाहन से ही शराब अक्सर ढोये जाते हैं। शराब की आवाजाही बड़े पैमाने पर होती है और कभी-कभी ट्रक भी बरामद हुए हैं। कई बार 5000 लीटर से अधिक शराब तक इलाकों में बरामद हुआ है।

chat bot
आपका साथी