नवादा के घने जंगल में की जा रही थी जहर की खेती, पुलिस ने 32 किलो गांजा के साथ तस्‍कर को पकड़ा

कैमूर जिले के भगवानपुर थाने की पुलिस ने गांजा की खेती और उसकी सप्‍लाई करने वाले तस्‍कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। वह घने जंगल में गांजा उपजाता था और स्‍वयं उसकी सप्‍लाई भी करता था।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 11:56 AM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 11:56 AM (IST)
नवादा के घने जंगल में की जा रही थी जहर की खेती, पुलिस ने 32 किलो गांजा के साथ तस्‍कर को पकड़ा
गांजा के साथ गिरफ्तार तस्‍कर संजय राम। जागरण

भगवानपुर (कैमूर), संवाद सूत्र। स्थानीय थाना की पुलिस को सोमवार की रात बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने रामगढ़ पंचायत के गांव बजडीहवा के ललन राम के पुत्र संजय राम को उसके घर से 32 किलो गांजा के लच्‍छा के साथ गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि जिसे गिरफ्तार किया गया है वह पुलिस की नजर से बचने के लिए दुर्गम जंगल में गांजे की खेती करता था। 

पान-तंबाकू की दुकानों पर बिक रहा था गांजा 

थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन ने बताया कि पुलिस को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र में पान तंबाकू की दुकानों पर धड़ल्ले से गांजा बिक रहा है। पुलिस ने पहले यह पता लगाया कि तस्कर कौन है। खोजबीन में पता चला कि बजडीहवा गांव का संजय राम का नाम सामने आया। इसके बाद संजय को पकड़ने के लिए पुलिस ने अपना जाल बिछाया। सूचना के आधार पर पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथ मांझी, रघुवीर सिंह व पुलिस बल ने पहुंच कर संजय राम को पकड़ा। उसके पास से 25 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

दुर्गम जंगल में करता था गांजा की खेती 

पुलिस के अनुसार तस्कर स्वयं जंगल में दुर्गम जगह पर गांजा की खेती कर उसका कारोबार करता था। वह कैमूर जिले के कई जगहों पर गांजा पहुंचाता था। बता दें कि इन दिनों एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन छापेमारी अभियान चल रहा है जिसमें धंधेबाजों व तस्करों की गिरफ्तार हो रही है। इस दौरान शराब, गांजा आदि की तस्करी का नया-नया तरीका भी पुलिस के सामने आ रहा है। बीते दिनों चैनपुर प्रखंड में अंडा-चाउमीन की दुकान की आड़ में शराब का धंधा कर रहे धंधेबाज को पुलिस ने पकड़ा। इसके एक दिन पूर्व चैनपुर प्रखंड के ही पहाड़ी क्षेत्र में अवैध शराब भट्ठी पर छापेमारी की गई। जिसमें शराब व बंदूक भी बरामद की गई। इसके अलावा रामगढ़ थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में शराब के साथ 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की सख्ती के बाद भी धंधेबाज अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे और शराब व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी