अपराध की दुनिया का 'सिकंदर' पहुंचा सलाखों के पीछे, जीटी रोड पर कील बिछाकर करता था लूटपाट

औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला सिकंदर खान अब सलाखों के पीछे है। वह कई लूटकांडों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने उसे उसके घर से ही दबोचा है। वह ऑरंगाबाद के टॉप टेन अपराधी में शामिल था।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 21 Feb 2021 01:08 PM (IST) Updated:Mon, 22 Feb 2021 09:23 AM (IST)
अपराध की दुनिया का 'सिकंदर' पहुंचा सलाखों के पीछे, जीटी रोड पर कील बिछाकर करता था लूटपाट
अपराधियों से बरामद हथियार दिखाते एसडीपीओ अनुप कुमार। जागरण

जासं, औरंगाबाद। जीटी रोड पर कील लगाकर वाहनों से लूटपाट करने वाले कुख्‍यात सिकंदर खान का आपराधिक इतिहास रहा है। औरंगाबाद जिले के टॉप टेन अपराधियों की सूची में उसका नाम था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। अब उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने सिकंदर के पास से दो पिस्‍टल व तीन कारतूस बरामद किया है।

बिहार से लेकर झारखंड तक में की लूटपाट

वह मूल रूप से रफीगंज थाना क्षेत्र के चरकूपा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गांव से ही गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ अनुप कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्‍फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि सिकंदर खान औरंगाबाद समेत गया, हजारीबाग और धनबाद में भी लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अन्‍य मामलों के पर्दाफाश होने की भी उम्‍मीद है। एसडीपीओ ने बताया कि आठ फरवरी को इसने धनबाद में लूट की घटना को अंजाम दिया था। रफीगंज भी आया तो अपराध की योजना बनाकर ही। पुलिस ने छापेमारी की तो उसने जानलेवा हमला कर दिया। हथियार लहराते हुए फरार हो गया। भागने के दौरान एक बच्‍ची को वाहन से कुचल दिया था। उसकी मौत हो गई थी। इसने 2014 में गया के आमस थाना क्षेत्र में लूट की घटना की। इसके बाद 2015 भी इसी थाना क्षेत्र में लूटपाट की। वर्ष 2018 में युवक की हत्‍या में वह संलिप्‍त था।

कांटी और कील बिछाकर पंक्‍चर कर देते थे वाहनों के पहिए

पुलिस अधिकारी का कहना था कि सिकंदर और उसके गिरोह के अ‍पराधी जीटी रोड समेत अन्‍य सड़कों पर कील और कांटी बिछा देते थे। इस वजह से गाड़‍ियों का चक्‍कर पंक्‍चर हो जाता था। इसके बाद ये लूटपाट करते थे। बताया जाता है कि एक माह पहले गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में वाहनों से लूटपाट की घटना को सिकंदर और उसके गिरोह के अपराधियों ने अंजाम दिया था। तब से दोनों जिले की पुलिस उसकी टोह में लगी थी।

chat bot
आपका साथी