बकरीद पर कैमूर में सुरक्षा व्‍यवस्‍था रहेगी टाइट, 135 स्‍थानों पर बने प्‍वाइंट, गड़बड़ी दिखे तो यहां कॉल करें

Bakrid celebration आगामी 21 जुलाई को बकरीद पर्व के दिन सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले के 135 जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Tue, 20 Jul 2021 11:19 AM (IST) Updated:Tue, 20 Jul 2021 01:51 PM (IST)
बकरीद पर कैमूर में सुरक्षा व्‍यवस्‍था रहेगी टाइट, 135 स्‍थानों पर बने प्‍वाइंट, गड़बड़ी दिखे तो यहां कॉल करें
प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं ईद। जागरण आर्काइव।

जागरण संवाददाता, भभुआ। आगामी 21 जुलाई को बकरीद पर्व के दिन सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले के 135 जगहों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति 21 जुलाई को प्रात: छह बजे से प्रारंभ होकर 23 जुलाई को अपराह्न 10 बजे तक रहेगी।

सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों, चौक-चौराहों व हाट बाजारों में गश्ती कराने के लिए विशेष गश्ती दल की व्यवस्था की गई है। बकरीद पर्व को लेकर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाएगी। इसके संपूर्ण प्रभार में वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार अमर रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06189-222080 होगा। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ आवासीय दूरभाष संख्या 06189-223221 का उपयोग नियंत्रण कक्ष के लिए कर सकते हैं।

इसी प्रकार मोहनियां अनुमंडल का नियंत्रण कक्ष अनुमंडल पदाधिकारी मोहनियां का आवासीय कार्यालय रहेगा। जिसका दूरभाष संख्या 06187-222281 होगा। नियंत्रण कक्ष के लिए दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने स्तर से करेंगे।

बता दें कि बकरीद पर्व को लेकर जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठक कर ली गई है। जिसमें थानाध्यक्षों व पदाधिकारियों के द्वारा प्रखंड क्षेत्र के गणमान्य लोगों से बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई है। साथ ही कोविड गाइडलाइन का अनुपालन करने का भी आग्रह किया गया है। उधर बकरीद पर्व को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है।

गाइडलाइन का ध्यान रख मनाएं बकरीद : डीएम

समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में डीएम नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बकरीद पर्व को लेकर जिलास्तरीय शांति समिति का बैठक आयोजित की गई। जिसमें डीएम द्वारा कोविड 19 के गाइडलाइन यथा मास्क पहनना, सामाजिक दूरी का पालन करते हुए घरों में ही पर्व मनाने के लिए अपील की गई।

उन्होंने आगामी बकरीद एवं श्रावणी मेला में आयोजित सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया। सरकार के विशेष सचिव गृह विभाग से प्राप्त निर्देश के आलोक में सात जुलाई से छह अगस्त तक के लिए लॉकडाउन के प्रतिबंधों को आंशिक संशोधन के साथ विस्तारित किया गया है। उससे आगामी पर्व के दौरान उनका सख्ती से अनुपालन कराया जाना सुनिश्चित करने की बात कही।

सभी धार्मिक स्थल आमजनों के लिए बंद रहेंगे। धार्मिक प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाए जाएंगे। सार्वजनिक स्थल पर किसी भी प्रकार के आयोजन पर रोक रहेगी। सभी प्रकार सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक समारोह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके आलोक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी ,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को अनुपालन हेतु निर्देशित किया गया। आमजनों से अपील किया गया कि कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मास्क लगाएं एवं सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए घरों में ही पर्व को मनाएं।

किसी भी प्रकार का अफवाह फैलाना या उसे प्रसारित प्रचारित करना दंडनीय अपराध होगा। इंटरनेट मीडिया पर अनाधिकृत रुप से कोई भी समाचार सामग्री आदि पोस्ट नही करेंगे। बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ व मोहनियां, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भभुआ व मोहनियां, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी