Aurangabad: पर्यावरण की सुरक्षा से ही मानव की रक्षा, पौधे लगाने के साथ उन्‍हें बचाना भी जरूरी

विश्‍व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जगह-जगह पौधारोपण किया गया। इस दौरान पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्‍प लिया गया। वक्‍ताओं ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा से ही मानव काे फायदा है। इसलिए हर व्‍यक्ति को पौधे लगाने चाहिए।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 08:55 AM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 08:55 AM (IST)
Aurangabad: पर्यावरण की सुरक्षा से ही मानव की रक्षा, पौधे लगाने के साथ उन्‍हें बचाना भी जरूरी
पौधारोपण के अवसर पर उपस्थित बीडीओ, बैंक प्रबंधक व अन्‍य। जागरण

अंबा (औरंगाबाद), संवाद सूत्र। विश्‍व पर्यावरण दिवस पर शनिवार को जगह-जगह पौधारोपण किया गया। पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा का संकल्‍प लिया गया। इसी क्रम में स्टेट बैंक शाखा अं के प्रबंधक प्रेम कुमार चौधरी ने कन्या उच्च विद्यालय अंबा में पौधारोपण किया। उनके साथ बीडीओ समेत कई अन्‍य लोगों ने भी पौधे लगाए। बैंक प्रबंधक ने बताया कि विद्यालय परिसर एवं विद्यालय के बाहर विभिन्न प्रकार के ऑक्सीजन के स्रोत से संबंधित पौधे लगाए गए। पौधारोपण का उद्घाटन कुटुम्बा बीडीओ चंद्र भूषण गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुंदन कुमार सिंह एवं शिक्षक व कर्मी उपस्थित थे।

पौधारोपण से समस्‍त प्राणियों का कल्‍याण 

पौधारोपण करते हुए बीडीओ चंद्रभूषण गुप्ता ने कहा कि स्टेट बैंक के प्रबंधक प्रेम कुमार चौधरी पर्यावरण के प्रति सजग हैं। इन्होंने लगातार इस संबंध में उनसे चर्चा कर पौधारोपण कराने के लिए प्रोत्साहित किया है। बीडीओ ने कहा कि पौधारोपण से संपूर्ण जगत के जीवों के जीवन की रक्षा होगी। फल फूल के साथ औषधि की भी प्राप्ति होगी। प्रखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को पौधारोपण करने का संकल्प लेने को उन्होने कहा। शाखा प्रबंधक ने कहा कि पर्यावरण दिवस पर पौधे लगाना महज एक प्रेरणात्मक कार्य है आवश्यकता है प्रत्येक महत्वपूर्ण दिवस पर देश राज्य जिला व प्रखंड में वृहद पैमाने पर पेड़ पौधे लगाने की। विद्यालय परिसर में दर्जनों पौधे का रोपण किया गया जो आने वाले समय में विद्यालय के बच्चों एवं शिक्षकों को तथा यहां के वातावरण को स्वच्छ बनाएगा।

इंसान की लालच से पर्यावरण को नुकसान 

उधर सामाजिक संस्था जनेश्वर विकास केंद्र व जन विकास परिषद एवं बासमती सेवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस पर कोरोना संक्रमण के दौर में ऑनलाइन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सचिव सिद्धेश्वर विद्यार्थी ने बताया कि"पर्यावरण संरक्षण, मानव जीवन के लिए जरूरी क्यों" विषयक संगोष्ठी की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रो. डॉ. रामाधार सिंह ने की। संचालन करते हुए डॉ. संजीव रंजन ने कहा कि गांधी जी ने कहा था कि इंसान की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए धरती के संसाधन पर्याप्त है पर, लालच को पूरा करने के लिए कम है। समाजसेवी मो. हाजी मुस्ताक ने कहा कि पर्यावरण का हमारे जीवन से अटूट रिश्ता है, हम हर पल पर्यावरण से प्रभावित होते हैं। शिक्षक सह संस्था के मीडिया प्रभारी सुरेश विद्यार्थी ने विषय को सामयिक बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पारिस्थितिक तंत्र को विकसित करना होगा। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता डॉ. सत्यप्रकाश चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संकट से बचने के लिए आमजन को जागरूक करने की आवश्यकता है। दिनेश प्रसाद ने पर्यावरण संरक्षण के लिए 35 प्रतिशत भूभाग में वन लगाने की बात कही।  

chat bot
आपका साथी