कुख्‍यात तिरैल यादव पर गया में कड़ी कार्रवाई की तैयारी, वीडियो में दिखे चार कोबरा जवान निलंबित

गया के विष्णुपद थाना क्षेत्र में हत्या आरोपित तिरैल और कोबरा जवानों सरकारी हथियार लहराने के मामले में पुलिस कार्रवाइ कर रही है। एसएसपी ने कहा तिरैल यादव की गिरफ्तारी के लिए इश्तेहार का प्रे कोर्ट में किया जाएगा।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 07:15 AM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 07:15 AM (IST)
कुख्‍यात तिरैल यादव पर गया में कड़ी कार्रवाई की तैयारी, वीडियो में दिखे चार कोबरा जवान निलंबित
तिरैल यादव पर बड़ी कारवाई की तैयारी में पुलिस। प्रतीकात्‍मक फोटो

गया, जागरण संवाददाता। वायरल वीडियो के बाद कुख्‍यात तिरैल यादव की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी पुलिस सफलता नहीं मिलने के बाद अब उस पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। गिरफ्तारी नहीं होने के कारण पुलिस ने उसका वारंट कोर्ट को लौटा दिया। अब उसके घर इश्‍तेहार चिपकाने और कुर्की जब्‍ती की कवायद की जा रही है। इस क्रम में तिरैल यादव के साथ वीडियो में दिखे चार कोबरा जवानों को भी निलंबित कर दिया गया है।

कोर्ट काे लौटाया वारंट अब कुर्की जब्‍ती का आदेश

विष्णुपद थाना क्षेत्र में कुख्‍यात तिरैल यादव का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह हथियारबंद कोबरा जवानों के साथ श्‍मशान घाट के पास देखा गया था। पुलिस इसके बाद हरकत में आई थी। उसकी गिरफ्तारी और दबिश बनाने के लिए गया कोर्ट से वारंट दिया गया था। लेकिन उस वारंट के आधार पर उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस ने वारंट कोर्ट में लौटा दिया। अब इश्तेहार व कुर्की-जब्ती का आदेश कोर्ट से मांगा गया है। इश्तेहार मिलने तक अगर वह हाजिर नहीं होता है, तो अगली कार्रवाई की जाएगी।  वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) आदित्य कुमार ने बताया कि तिरैल का वारंट कोर्ट को लौटा दिया गया हैं, अब उसके खिलाफ इश्तेहार अौर कुर्की-जब्ती का अादेश कोर्ट से मांगा गया है।  न्यायालय से आदेश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीन की हत्‍या का आरोपित है तिरैल यादव

यहां बता दें कि बीते माह गया केंद्रीय कारा से जमानत में छूटने के बाद विष्णुपद थाना क्षेत्र के श्मशान घाट पर तिरैल यादव कोबरा जवानों के साथ हथियार लेकर आया था। इसके खिलाफ तारकेश्‍वर प्रसाद सिंह ने विष्णुपद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तारकेश्‍वर के पुत्र समेत दो अन्‍य की हत्‍या का आरोप तिरैल पर है। ऐसे में वे लोग सहमे हुए हैं। 

कोबरा के चार जवान निलंबित

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीते माह विष्णुपद थाना क्षेत्र के श्मशान घाट पर एक वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में हत्याकांड के आरोपित तिरैल के साथ 205 कोबरा के चार जवान हथियार से लैस दिख रहे थे। ये जवान 205 कोबरा कैंप बाराचट्टी के हैं। इनकी पहचान कर ली गई है। उन्होंने बताया कि चारों जवानों को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरु की गई है। जांच पूरी हो जाने के बाद साथ ही इन चारों की सेवा समाप्त करने के लिए मुख्यालय को अनुशंसा की जाएगी।

chat bot
आपका साथी