मौत का कारण बने जेसीबी से खोदे गए गढ्ढे, एक महीने में 15 लोगों की गई जान, प्रशासन नहीं ले रहा सुध

पर्यावरण संरक्षण के लिए जल जीवन हरियाली के तहत कई गांवों में नए तालाबों का निर्माण व पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार भी हुआ है। इसके लिए जेसीबी से तालाबों में मिट्टी की कटाई भी की गई है। बरसात में पानी भरने से गढ्ढे अब हादसों का सबब बन रहे हैं।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 04:54 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 04:54 PM (IST)
मौत का कारण बने जेसीबी से खोदे गए गढ्ढे, एक महीने में 15 लोगों की गई जान, प्रशासन नहीं ले रहा सुध
जेसीबी से खोदा जा रहा गड्ढ़ा। जागरण आर्काइव।

जागरण संवाददाता, सासाराम। पर्यावरण संरक्षण के लिए जल जीवन हरियाली के तहत कई गांवों में नए तालाबों का निर्माण व पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार भी हुआ है। इसके लिए जेसीबी से तालाबों में मिट्टी की कटाई भी की गई है। बरसात में पानी भरने से तालाबों के गढ्ढे अब हादसों का सबब बन रहे हैं। इसके अलावा सोन नदी में खनन के दौरान ज्यादा बालू निकालने के चक्कर में नियमों के विपरीत जेसीबी से ज्यादा खोदाई लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

सुरक्षा के लिए न तो घेरा लगाया गया है न ही सावधानी बरतने के लिए अन्य प्रविधान किए गए हैं। नतीजतन गत एक माह में पंद्रह लोगों की जान इन गढ्ढों में डूबने से चली गई है। सरकारी प्रविधान के तहत मुआवजा के तौर पर स्वजन को चार लाख रुपये देने की घोषणा की गई है, लेकिन कई घरों का दीपक हमेशा के लिए बूझ गया है। गांव के लोग भी मानने लगे हैं कि फिलहाल बच्चे इन गढ्ढों तक नहीं जाएं, इसपर ध्यान देने की आवश्यकता है।

प्रमुख घटनाएं - 06 जुलाई 21 :- चेनारी थाना क्षेत्र के बैरियां सूर्य मंदिर तालाब में डूबने से 65 वर्षीय किसान रामजी सिंह की मौत हो गई। वे पास के ही जराढ़ी गांव के निवासी थे। ग्रामीणों के अनुसार रामजी सिंह अपनी मवेशी को लेकर तालाब के पास गए थे। वहां स्नान करने के दौरान जेसीबी से खोदे गए गढ्ढे के गहरे पानी में चले गए थे। 09 जुलाई 21 :- शिवसागर थाना क्षेत्र के मदैनी गांव के पास सड़क किनारे खोदे गए पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक पांच वर्षीय नारायण पांडेय मदैनी निवासी स्व. पिंटू पांडेय का इकलौता पुत्र था। वह अपने स्वजनों के साथ धान के बिचड़ा वाले खेत पर गया था, जहां खेलते हुए सड़क किनारे जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में जा गिरा। 16 जुलाई 21 :- सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के अमापोखर गांव के आहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक 35 वर्षीय धनजी राम किसी काम से घर से बाहर गए थे। शाम तक घर नहीं लौटे तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। देर शाम आहर से उनका शव बरामद किया गया। 20 जुलाई 21 :- नोखा थाना क्षेत्र के ठेकही गांव में चौसा नहर लाइन के कृष्णापुर मोरी के समीप नहर में डूबने से एक दस वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार अंजली अपने घर से बकरी चराने के लिए नहर की तरफ गई थी। इसी क्रम में वह फिसल कर नहर में जा गिरी। 22 जुलाई 21:- करगहर के बड़हरी ओपी क्षेत्र के खैरहीं गांव में तालाब में डूबने से अलग-अलग घरों की तीन बच्चियों की मौत हो गई। मृतका खैरही निवासी मुन्ना राम की 12 वर्षीय पुत्री मधु कुमारी, रामप्रवेश कुम्हार की 12 वर्षीय पुत्री विभा भारती व मुरारी राम की 13 वर्षीय पुत्री सीमा कुमारी शामिल थीं। इसके अलावा दरिगांव थाना क्षेत्र के माझंर कुंड में नहाने के दौरान डूबने से डालमियानगर के न्यू सिधौली मोहल्ला निवासी सद्दाम अंसारी व अमन कुमार की मौत हो गई। 27 जुलाई 21 :- सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के बलिहार स्थित भोजपुर राजवाहा में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका शनिचरी देवी बलिहार अजा टोला निवासी लथेर मुसहर की पत्नी थी।वहीं दरिगांव थाना क्षेत्र के माझंर कुंड में नहाने के दौरान डूबने से औरंगाबाद जिला के देव थाना क्षेत्र के भंडारी गांव निवासी प्रताप यादव की मौत हो गई। 28 जुलाई 21 :- राजपुर प्रखंड के भलुआही गांव में बुधवार को आहर में डूबने से 35 वर्षीय अरुण पांडेय की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में काराकाट थाना क्षेत्र के अमरथा गांव के समीप काव नदी में डूबे पांच वर्षीय प्रिंस कुमार का शव 24 घंटे बाद गोताखोरों द्वारा बरामद किया गया। 30 जुलाई 21 :- संझौली थाना क्षेत्र के बैरी गांव में शुक्रवार की दोपहर नहाने के क्रम में आहर में डूबने से पुनीत कुमार प्रिय उर्फ धर्मवीर कुमार की मौत हो गई।

chat bot
आपका साथी