कैमूर के खरिगांवा में बंदरों ने मचा रखा है आतंक, वन विभाग की टीम को भी छकाने में माहिर

कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के खरिगांवा चौक पर इन दिनों बंदरों का आतंक बढ़ा हुआ है। कुछ बंदर ऐसे हैं जो घर में घुस कर सामान की बर्बादी करने के साथ लोगों को काट भी रहे हैं। इससे लोगों में डर का माहौल है।

By Edited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 07:05 AM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 07:16 AM (IST)
कैमूर के खरिगांवा में बंदरों ने मचा रखा है आतंक, वन विभाग की टीम को भी छकाने में माहिर
कैमूर जिले के चैनपुर गांव में बंदरों का उत्‍पात। जागरण

गया, जागरण संवाददाता। कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के खरिगांवा चौक पर इन दिनों बंदरों का आतंक बढ़ा हुआ है। कुछ बंदर ऐसे हैं जो घर में घुस कर सामान की बर्बादी करने के साथ लोगों को काट भी रहे हैं। इससे लोगों में डर का माहौल है। बंदरों को देखकर ही लोग दूरी बना ले रहे हैं। इसके बाद अंदर आराम से दुकान में रखे सामान तो कभी घर में रखे सामान को उठाकर बंदर बर्बाद कर रहे हैं।

कपड़े और अन्‍य सामान को पहुंचा रहे नुकसान

स्थानीय ग्रामीण भोली श्रीवास्तव ने बताया कि इन दिनों कुछ बाहरी बंदर आए हैं जो लगातार छत पर टांगे गए कपड़े एवं रखे गए सामान को उठाकर ले जा रहे हैं। बच्चे या महिलाओं के द्वारा अगर बंदरों को भगाने का प्रयास किया जा रहा है तो बंदर काटने को दौड़ रहे हैं। उन बंदरों में एक बंदर ऐसा भी है जो कि कई लोगों को काट चुका है। जिस कारण से उन बंदरों के आसपास भी लोग नहीं फटकते, बंदर को आते देख ही लोग डर से भाग जा रहे हैं। बंदरों के कारण सबसे ज्यादा परेशान घर की महिलाएं हैं।

छत के रास्‍ते घर के अंदर भी प्रवेश कर जाते हैं बंदर

छत के रास्ते बंदर घर में प्रवेश कर जा रहे हैं। जिसके बाद घर में रखे सामान को नुकसान कर दे रहे हैं। यहां तक कि कई सामान को उठाकर साथ में ले भी जा रहे हैं। वहीं बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीणों के द्वारा वन विभाग को इसकी सूचना भी दी गई है एवं बंदरों को पकड़ने की गुहार लगाई गई है। लेकिन वन विभाग की टीम के द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।

वन विभाग की रेस्‍क्‍यू टीम ने पकड़ा था एक बंदर

वन विभाग चैनपुर के रेंजर अरुण प्रसाद ने बताया कि ऐसी समस्याएं कुछ पंचायतों में है। दो दिन पहले ही करजांव में स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा बंदरों के द्वारा किए जा रहे उत्पात के विषय में जानकारी दी गई थी। जहां रेस्क्यू टीम को भेजा गया था। उस दौरान एक ही बंदर पकड़ में आया, जबकि एक भाग गया था। खरिगांवा में रेस्क्यू टीम को भेज कर बंदरों को पकड़ने का कार्य किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी