गया जेल से रची गई पैक्स अध्यक्ष की हत्या की साजिश, दो गिरफ्तार

गया। गया केंद्रीय कारा में बंद संजय यादव और नैली पंचायत के पूर्व मुखिया मल्लू यादव उर्फ मल्लू ने नैली पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र की हत्या की साजिश रची थी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 11:06 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 11:06 PM (IST)
गया जेल से रची गई पैक्स अध्यक्ष की हत्या की साजिश, दो गिरफ्तार
गया जेल से रची गई पैक्स अध्यक्ष की हत्या की साजिश, दो गिरफ्तार

गया। गया केंद्रीय कारा में बंद संजय यादव और नैली पंचायत के पूर्व मुखिया मल्लू यादव उर्फ मल्लू मुखिया ने पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र यादव की हत्या के लिए साजिश रची थी। हत्या के लिए सुपारी किलर गैंग से 3.50 लाख रुपये में सौदा हुआ था। गैंग में गया व बक्सर जिले के 12 अपराधी शामिल थे। पैक्स अध्यक्ष की हत्या जिले के बेलाही गांव में 11 बीघा जमीन पर कब्जे के कारण की गई। हत्याकांड में दो सुपारी किलर को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक जेल में बंद संजय का साला और गैंग का सरगना मुकेश रवानी शामिल है। इसकी जानकारी मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में दी।

उन्होंने बताया कि पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र यादव हत्याकांड का एक माह 20 दिनों में पर्दाफाश किया गया। हत्याकांड में सुपारी किलर गैंग के सरगना मुकेश रवानी और जितेंद्र यादव को आटोमेटिक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है। पैक्स अध्यक्ष की हत्या गया एयरपोर्ट के समीप पांच सितंबर को की गई थी। नगर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार एवं सहायक पुलिस अधीक्षक विधि व्यवस्था भारत सोनी के नेतृत्व में एसआइटी गठित की गई थी। अनुसंधान में जानकारी मिली कि रामपुर व मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में मुकेश भ्रमणशील है। एसआइटी ने उसे ओटीए गेट संख्या-06 के समीप घेराबंदी कर पकड़ा। वह टनकुप्पा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी है। उसकी तलाशी के दौरान एक देसी ऑटोमेटिक पिस्टल और तीन जिदा कारतूस पाया गया। उसकी निशानदेही पर बोधगया थाना क्षेत्र के धनावा गांव निवासी जितेंद्र यादव को पकड़ा गया। पूछताछ में मुकेश ने हत्याकांड में शामिल होने की बात स्वीकारी। उसने बताया कि अध्यक्ष को गोली मारने में बक्सर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के बड़की कोठिया गांव निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ रॉकी व बेलाउर गांव मोनू सिंह उर्फ बबुआ शामिल था। ऐसे रची गई साजिश :

बदमाशों ने पुलिस को बताया कि बेलाही गांव निवासी संजय यादव, जो गया जेल में बंद है, उसने तीन लाख 50 हजार रुपये अप्रैल 2021 में सुपारी दी थी। सुपारी का पैसा संजय के साले जितेंद्र के माध्यम से 3.50 लाख रुपये मानपुर के दीपक चौधरी के माध्यम से मुकेश तक पहुंचाया गया। हत्याकांड का मास्टर माइंड संजय है, जिसने नैली के पूर्व मुखिया मल्लू यादव से मिलकर सत्येंद्र की हत्या की साजिश रची। इसमें आर्थिक मदद मल्लू और जितेंद्र ने की थी। हत्या का मुख्य कारण बेलाही गांव में 11 बीघा प्लॉट था, जिस पर सत्येंद्र यादव का मंदिर के नाम पर कब्जा था। संजय व मल्लू उक्त प्लॉट को बेचना चाहते थे, जिसका सत्येंद्र विरोध करते थे। सुपारी किलर गैंग के सदस्यों के नाम :

1. मुकेश रवानी पितरा टनकुप्पा, गया

2. अमित कुमार सिंह उर्फ रौकी बड़की कोठिया थाना औद्योगिक जिला बक्सर।

3. मोनू सिंह उर्फ बबुला ग्राम बेलाउर थाना औद्योगिक, जिला बक्सर।

4. राजा रवाना थाना कोतवाली जिला गया।

5. सोनू रवानी जिला गया।

6. चिक्कू मानपुर थाना बुनियादगंज जिला गया।

7. दीपक चौधरी मानपुर थाना बुनियादगंज जिला गया।

8. सोनू सिंह ग्राम कचनपुर थाना बेलागंज जिला गया।

9. मल्लू यादव उर्फ मल्लू मुखिया ग्राम नैली, जिला गया।

10. संजय यादव ग्राम बेलाही थाना मेडिकल जिला गया।

11. छोटू सिंह ग्राम रौना थाना बेलागंज जिला गया। वर्तमान चाकंद मोड़ टावर के पास।

12. अजय यादव ग्राम बेलाही थाना मगध मेडिकल, जिला गया।

chat bot
आपका साथी