कोरोना संक्रमित लोगों के लिए उपलब्‍ध हो रहा ऑक्‍सीजन सिलेंडर, मगर बिना फ्लो मीटर कैसे करेगा काम

कोरोना मरीजों के लिए ढूंढने पर भी नहीं मिल रहा था ऑक्सीजन फ्लो मीटर मुंबई ईडी के संयुक्त निदेशक ने गया को दिए 100 ऑक्सीजन फ्लो मीटर डीएम ने 60 मीटर सिविल सर्जन को 30 मगध मेडिकल और 10 स्टोर में बैकअप के लिए रखने का निर्देश दिया।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 04:04 PM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 04:04 PM (IST)
कोरोना संक्रमित लोगों के लिए उपलब्‍ध हो रहा ऑक्‍सीजन सिलेंडर, मगर बिना फ्लो मीटर कैसे करेगा काम
ऑक्‍सीजन सिलेंडर में लगने वाला फ्लो मीटर। जागरण आर्काइव।

जागरण संवाददता, गया। कोरोना  महामारी से बचाव को लेकर केंद्र व राज्य सरकार के साथ जिला प्रशासन, गया लोगों को जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने में जुटा है। इस कड़ी में मुम्बई के ईडी के संयुक्त निदेशक ने 100 ऑक्सीजन फ्लो मीटर का प्रबंध किया है। यह ऑक्सीजन फ्लो मीटर 16 मई, 2021 को जिला सामग्री कोषांग को उपलब्ध कराया गया। इससे कोविड प्रभावित मरीजों के इलाज में किया जाएगा।

ऑक्सीजन फ्लोमेटर  का उपयोग मुख्य रूप से ऑक्सीजन के प्रवाह, ऑक्सीजन के नमी को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। इसका उपयोग अस्पताल में लगे ऑक्सीजन सिलिंडर में किया जाता है। इसके बिना मरीजों को ऑक्सीजन सिलिंडर द्वारा ऑक्सीजन सप्लाई नहीं किया जा सकता है। जिला को 100 ऑक्सीजन फ्लो मीटर के माध्यम से पहले से अधिक मरीजों को ऑक्सीजन की सुविधा दी जा सकेगी।

सामग्री कोषांग के नोडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि उक्त उपकरण का डिमांड इन दिनों काफी अधिक है। जिस कारण बाजार में ऑक्सीजन फ्लो मीटर का मिलना काफी मुश्किल हो गया था। कई जगहों पर तो इसकी कालाबाजारी की भी खबर मिली है। जिले एवं राज्य के बड़े-बड़े सप्लायर से इसकी क्रय के लिए बात की गई परंतु सबने इसे उपलब्ध कराने में असमर्थता प्रकट किया। इस परिस्थिति का संज्ञान लेते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा किये गए सार्थक प्रयासों के क्रम में मुंबई के ईडी के संयुक्त निदेशक से बात की गई, जिसके उपरांत उनके द्वारा 100 फ्लो मीटर गया जिला के लोगों के सहयोग के लिए मात्र 2 दिनों में मुंबई से गया जिला को उपलब्ध कराया गया।

इधर, केयर इंडिया द्वारा गया ज़िले को 12 अदद ऑक्सीजन कॉन्सेंटरेटर मदद के रूप में दिया गया है। ऑक्सीजन कॉन्सेंटरेटर एक ऐसा उपकरण है, जो ऑक्सीजनयुक्त उत्पाद गैस स्ट्रीम की आपूर्ति के लिए नाइट्रोजन को चुनिंदा रूप से हटाकर गैस आपूर्ति (आमतौर पर एम्बिएंट वायु) से ऑक्सीजन को केंद्रित करता है। इसका उपयोग अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की जगह प्रयोग किया जा सकता है। इसमें रिफिलिंग की आवश्यकता नहीं है एवं यह बिजली से चलता है। इससे लगातार ऑक्सीजन सप्लाई मिल सकता है।

जिला पदाधिकारी ने उक्त दोनों व्यक्तियों को ज़िला प्रशासन एवं गया जिलेवासियों की ओर से धन्यवाद दिया। जिला पदाधिकारी ने निदेश दिया की 60 अदद ऑक्सीजन फ्लो मीटर सिविल सर्जन को, 30 ऑक्सीजन फ्लो मीटर मगध मेडिकल एवं अस्पताल को तथा 10 अदद ऑक्सीजन फ्लो मीटर ज़िले के स्टोर में बैकअप के रूप में रखना सुनिश्चित करें। साथ ही 12 ऑक्सीजन कॉन्सेंटरेटर को ज़िले के विभिन्न डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेन्टर एवं आइसोलेशन सेन्टर में उपयोग करने का निदेश दिया।

chat bot
आपका साथी