पीएम मोदी के आगे सफल नहीं होंगी विरोधी ताकतें, भाजपा के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता ने गया में कही यह बात

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश (Guru Prakash)ने कहा कि भारत भाजपा के लिए संस्कार संस्कृति और सभ्यता है। भाजपा की सरकार देश की सुरक्षा सम्मान स्वाभिमान और संप्रभुता से कभी ना तो समझौता की है और ना ही आगे करेगी।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 26 Nov 2021 01:43 PM (IST) Updated:Fri, 26 Nov 2021 01:43 PM (IST)
पीएम मोदी के आगे सफल नहीं होंगी विरोधी ताकतें, भाजपा के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता ने गया में कही यह बात
भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता गुरुप्रकाश (बीच में)। जागरण

गया, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश (Guru Prakash)ने कहा कि भारत भारतीय जनता पार्टी के लिए संस्कार, संस्कृति और सभ्यता है। भाजपा की सरकार देश की सुरक्षा सम्मान, स्वाभिमान और संप्रभुता से कभी ना तो समझौता की है और ना ही आगे करेगी। लेकिन विरोधी इन चीजों को विध्वंस करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उन्हें जहां भी मौका मिलता है देश की सभ्यता-संस्कृति और स्वाभिमान पर लगातार प्रहार करते आ रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के कुशल नेतृत्व के कारण विरोधी ताकतें कभी अपने मंसूबे में सफल नहीं होंगे।शुक्रवार को भाजपा के गया जिला स्तरीय कार्यशाला में राष्ट्रीय प्रवक्ता ने ये बातें कहीं। 

भाजपा कार्यकर्ता रखते हैं सकारात्‍मक सोच 

गुरु प्रकाश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बराबर सकारात्मक सोच रखते हैं और उसका ही अनुपालन कराते हैं। आज प्रधानमंत्री का ही देन है कि हम संविधान गौरव दिवस मना रहे हैं। इससे पहले जितनी भी सरकारें यहां थी उन्हें संविधान के बारे में कोई चिंता नहीं थी। देश की आजादी के बाद भारत का दर्शन बदला है। 2014 के बाद देश की विदेशी नीति में आमूल चूल परिवर्तन हुआ है। 2014 में जो जनादेश भारतीय जनता पार्टी को मिली, वह जनादेश नहीं परिवर्तन का आदेश था। उस वक्त ही प्रधानमंत्री ने एजेंडा तय कर रखा था। उसमें नई साझेदारी में पड़ोसियों की सहभागिता ग्लोबल एजेंडा को सेव करना, विदेशी नीति को आगे बढ़ाना, सीमा की सुरक्षा, देश की सभ्यता और संस्कृति को बचाना था।

नेपाल के साथ बेटी-रोटी का संबंध 

भारत वंशी 3.30 करोड़ लोग जो विश्व के अलग-अलग देशों में रह रहे हैं उनसे सेतु बना कर उनके सुख-दुख में शामिल होना यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। अब भारत को सम्मान और समझौता की नीति के तहत देखा जाता है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि 2014 से पहले देश में नक्सलवाद से 220 जिले प्रभावित थे लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की कुशल रणनीति के कारण आज मात्र 20 जिले ही बचे है वहां भी इसे समाप्त किया जाएगा। उन्होंने नेपाल की चर्चा करते हुए कहा कि नेपाल से भारत का सांस्कृतिक जुड़ाव रहा है। यह माता सीता, भोले शंकर और भगवान बुद्ध से जुड़ा है। दोनों देशों की संस्कृति इन तीनों से जुड़ी है। भारत हर क्षेत्र में नेपाल को समय-समय पर मदद करता आया है। भारत के साथ नेपाल का बेटी और रोटी का संबंध है। लेकिन कुछ तुष्टिकरण करने वाले लोग इसे नहीं मानते हैं। भारत और नेपाल के बीच सीता सर्किट योजना चल रही है। इसका लाभ दोनों देशों को मिल रहा है।

भारत बदलता हुआ देश, आत्‍मनिर्भता के क्षेत्र में बढ़ रहा आगे 

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि भारत बदलता हुआ देश है। आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय स्तर ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर इसकी पहचान बनी है। कई बदलाव देखने को मिले हैं विशेषकर कोरोना काल में विश्व को मार्गदर्शन करने का काम भारत ने किया है। वैक्सीन के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बना है । आज टीकाकरण में भी पूरे विश्व में नंबर वन है। कुशल नेतृत्व के कारण यह सब सफल हो पाया है। तीन दिवसीय भाजपा गया जिला के प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन सत्र में यह बात कही गई। दूसरे और तीसरे सत्र में बिहार के डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे शामिल होंगे।  प्रशिक्षण शिविर अगले 2 दिनों तक चलेगी, जिसमें संगठन और आगामी योजनाओं व सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में कार्यकर्ताओं को अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष धनराज शर्मा ने की।

chat bot
आपका साथी