अब औरंगाबाद में भी बर्ड फ्लू की दहशत, घर की छत पर मृत मिली मैना, जांच को भेजा गया लैब

कैमूर में दो कौए की मौत के बाद औरंगाबाद में भी एक मैना मृत पाई गई है। इस कारण लोगों को बर्ड फ्लू की आशंका सता रही है। हालांकि अभी बर्ड फ्लू की प‍ुष्टि नहीं हुई है। स्‍वास्‍थ्‍य महकमे ने भी लोगों से भयाक्रांत नहीं होने की अपील की है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 12:39 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 12:45 PM (IST)
अब औरंगाबाद में भी बर्ड फ्लू की दहशत, घर की छत पर मृत मिली मैना, जांच को भेजा गया लैब
मृत मैना को प्‍लास्टिक के थैले में उठाते वैक्‍सीनेटर। जागरण

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद)। बर्ड फ्लू का एक भी मामला अभी प्रकाश में नहीं आया है। लेकिन लोग सशंकित हैं। इस बीच दाउदनगर पुरानी शहर चौक स्थित विद्या सदन की छत पर मैना के मृत पाए जाने से लोग चिंता में घिरे हैं। रविवार को इसकी सूचना जिला स्वास्थ्य समिति के डीएचएस को दी गई। लेकिन उन्‍होंने पशुपालन विभाग का मामला बता पल्‍ला झाड़ लिया। इसके  बाद पशुपालन विभाग के वैक्‍सीनेटर पहुंचे और मृत मैना को जांच के लिए ले गए। इस बीच स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने अपील की है कि किसी दहशत में नहीं आएं। अभी कोई मामला सामने नहीं आया है।

उड़ते-उड़ते छत पर गिर पड़ी थी मैना

बताया जाता है कि शनिवार को अचानक मैना आसमान से गिरी। उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना डीएचएस को दी गई। उन्‍होंने पशुपालन विभाग का मामला बताया। वहीं अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जब तक किसी व्यक्ति में बर्ड फ्लू का असर नहीं दिखता तब तक स्वास्थ्य विभाग कुछ नहीं कर सकता। उन्होंने भी पशुपालन विभाग को सूचित करने की सलाह दी। इसके बाद भ्रमण शील पशु चिकित्सा पदाधिकारी दाउदनगर डॉ रवि रंजन कुमार को सूचित किया गया।  उन्‍होंने वैक्सीनेटर धनराज सिंह को भेजा। वैक्‍सीनेटर ने मृत पक्षी को एक प्‍लास्टिक के थैले में रखा। जिस स्थान पर मैना मृत मिली थी वहां चूना का छिड़काव किया गया। डॉ. रवि रंजन ने बताया कि पटना में जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।  हालांकि कोई जरूरी नहीं कि मैना की मौत का कारण बर्ड फ्लू ही हो। अगर जांच में बर्ड फ्लू से मौत की पुष्टि होती है तो प्रशासन इस संदर्भ में सार्वजनिक दिशा निर्देश जारी कर सकता है। फिलहाल अधिकारियों और चिकित्सकों ने बताया कि इसको लेकर भयाक्रांत होने की जरूरत नहीं है। मैना की मौत की कई वजहें हो सकती हैं। वास्तव में क्या वजह है यह जांच के बाद ही ज्ञात हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- कैमूर में दो कौए की मौत से दहशत, सभी प्रखंडों से बर्ड फ्लू की जांच के लिए भेजे जाएंगे सिरम

chat bot
आपका साथी