Good News: एक दिन नहीं पर्यावरण सप्‍ताह मनाएंगे गया के युवा, पौधे लगाने के बाद सालोंभर करेंगे देखभाल

अब इंसान को अपनी गलती का अहसास शायद होने लगा है। नए पेड़-पौधे लगाकर वो अब कुदरत का कर्ज उतार रहे हैं। सभी को अपने मन में संकल्प लेना होगा कि हमें प्रकृति से सदभाव के साथ जुड़ कर रहना है।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 04:04 PM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 04:04 PM (IST)
Good News: एक दिन नहीं पर्यावरण सप्‍ताह मनाएंगे गया के युवा, पौधे लगाने के बाद सालोंभर करेंगे देखभाल
विश्‍व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण करने जाते युवा। जागरण।

जागरण संवाददाता, गया। विश्व पर्यावरण दिवस पर नेहरू युवा केंद्र, गया से संबंधित पंडित दीनदयाल उपाध्याय युवा क्लब इस्माइलपुर के सदस्यों ने गांव में पौधारोपण किया। सदस्यों ने निर्णय लिया हैं कि पर्यावरण सप्ताह के रूप में एक अभियान के तहत क्लब के युवा कार्यकर्ता पौधारोपण का कार्य करेंगे। कोरोना महामारी को देखते शारीरिक दूरी बनाकर मास्क का प्रयोग करते हुए इस अभियान में युवा शामिल होंगे। कार्यकर्ता अपने घर के आस-पास खाली जमीन, धार्मिक, स्थल, विद्यालय प्रांगण, श्मशान व खाली पड़ी जमीन पर पौधे लगाएंगे।

क्लब के अध्यक्ष अमन कुमार मिश्रा ने कहा कि इंसान के सुख, शाति और समृद्धि का भंडार प्रकृति ही है। मनुष्य प्रकृति की गोद में ही पलता-बढ़ता हैं। इसी के साथ जीवन का समापन भी होता है। प्रकृति के साथ मनुष्य का नैसर्गिक प्यार उसकी भावना में बसा है। अमन ने कहा कि प्रकृति से दूर विकास की अंधी दौड़ में मानवता के विकास और विनाश के बीच लोग कोरोना से जूझ रहे हैं।

इंसानों के पास पौधा लगाकर कुदरत का कर्ज उतारने का अवसर

अब इंसान को अपनी गलती का अहसास शायद होने लगा है। नए पेड़-पौधे लगाकर वो अब कुदरत का कर्ज उतार रहे हैं। सभी को अपने मन में संकल्प लेना होगा कि हमें प्रकृति से सदभाव के साथ जुड़ कर रहना है। पर्यावरण दिवस पर हम सब इस बारे में सोचें कि हम अपनी धरती को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए और क्या कर सकते हैं। युवा क्लब के सदस्य धर्मजीत कुमार ने कहा कि शनिवार को 15 छायादार एवं फलदार वृक्ष जिसमें आम पीपल और नीम का पौधा लगाया गया है। आगे 200 और पौधा इस वर्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

chat bot
आपका साथी