Nawada News: बिना चालक पेट्रोल पंप में घुस गई बाइक, 100 मीटर चलकर तीन को ठोका, अचंभित रह गए लोग
वारिसलीगंज-बरबीघा एसएच 83 पथ पर एक बाइक बिना चालक के तेजी से मेहता पेट्रोल पंप में घुस गई। बाइक बिना चालक की लगभग 100 मीटर की दूरी तय कर पेट्रोल पंप के नोजल के पास तेल ले रहे अन्य बाइक सवारों से टकरा गई। यह देख लोग अचंभित रह गए।
वारिसलीगं (नवादा), संवाद सूत्र। वारिसलीगंज-बरबीघा एसएच 83 पथ पर शेरपुर मोड़ के वार्ड संख्या 16 में एक बाइक बिना चालक के तेजी से मेहता पेट्रोल पंप में घुस गई। बाइक बिना चालक की लगभग 100 मीटर की दूरी तय कर पेट्रोल पंप के नोजल के पास तेल ले रहे अन्य बाइक सवारों से टकरा गई। जिससे पेट्रोल भरवाने के लिए खड़े दो व्यक्ति आंशिक रूप से चोटिल हो गए। बिना चालक बाइक के इतनी दूरी तय करने की सीसीटीवी फुटेज देखकर क्षेत्र के लोग अचंभित हो रहे हैं।
पंप से 100 मीटर दूर से आ रही थी बाइक
शेरपुर मोड़ पर स्थित मेहता पेट्रोल पंप के संचालक अरुणजय मेहता ने बताया कि पंप से करीब 100 मीटर पहले वारिसलीगंज की तरफ से मुख्य सड़क के रास्ते उक्त बाइक गुजर रही थी। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य वाहन से बाइक की आंशिक टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर सवार चालक जमीन पर गिर गया। लेकिन बाइक मुख्य पथ पर कुछ दूरी तय करने के बाद मुड़कर सीधे पेट्रोल पंप की ओर आ घुसा।
सीसीटीवी फुटेज से पूरे घटनाक्रम का पता चला
बताया कि घटना के समय पेट्रोल पंप पर एक बाइक में तेल भरा जा रहा था। इस दौरान तीन अन्य व्यक्ति और एक नोजल मैन उपस्थित था। बिना चालक के आ रहे बाइक सीधे तेल लेने के लिए खड़ी बाइक से जा टकराई। जिस कारण बाइक के आसपास रहे दो लोग आंशिक रूप से चोटिल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पंप संचालक द्वारा सीसीटीवी कैमरा खंगाला गया। जिसमें बिना चालक बाइक चलते हुए पंप में घुसते दिखाई पड़ रहा है। इस खबर को सुन क्षेत्र के लोग अचंभित हो रहे हैं।