Gaya News: Monsoon किसानों के लिए साबित होगा वरदान; खुश हैं गया के किसान, धान की बंपर पैदावार की उम्‍मीद

मौसम के पूर्वानुमान में आज पूरे दिन शवाब पर रहेगा मानूसन अगले 72 घंटे मध्यम से तेज बारिश के आसार भू-जल संरचना को मजबूत कर रही बारिश खेतीबारी में जुट गए हैं किसान अब तक 62 एमएम तक हुई बरसात 1.51 लाख हेक्टयेर में धान की खेती करने का लक्ष्य।

By Prashant KumarEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 12:46 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 02:53 PM (IST)
Gaya News: Monsoon किसानों के लिए साबित होगा वरदान; खुश हैं गया के किसान, धान की बंपर पैदावार की उम्‍मीद
गया में मौसम सक्रिय होने की वजह से छाए रहे बादल। जागरण।

जागरण संवाददाता, गया। जिले में बीते चार दिनों से मौसम पूरी तरह से बरसात का हो गया है। मानसून की सक्रियता पूरी तरह से देखने को मिल रही है। गुरुवार की सुबह से ही जिला मुख्यालय समेत प्रखंड क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हो रही है। आसमान पूरी तरह से काले बादलों से ढका हुआ है। कभी मध्यम तो कभी तेज बारिश हो रही है। मौसम के पूर्वानुमान में आज पूरे दिन इसी तरह से मौसम के बने रहने के आसार हैं।

मौसम विज्ञानी डॉ. जाकिर हुसैन ने कहा कि अभी अगले 72 घंटे जिले में मानसून पूरी तरह से सक्रिय रहेगा। बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। इस बीच बारिश की वजह से एक ओर जहां शहरी क्षेत्र में जगह-जगह जलजमाव देखने को मिल रहा है। तो वहीं उबड़-खाबड़ सड़कों पर पानी व कीचड़ जम जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

गांव-कस्बों के आहर-पोखर में दिखने लगा बरसात का पानी

(बरसात के पानी से अहर, पोखर और पईन लबालब। जागरण)

गांव कस्बों में बारिश से खेतीबारी को फायदा होता दिख रहा है। कल तक जो आहर-पोखर, पइन सूखे थे अब वहां बरसात का पानी नजर आ रहा है। किसान इससे काफी खुश हैं। अनेक जगहों पर किसानों ने धान की खेती की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि अभी जेठ का महीना है। इस समय ज्यादातर किसान अपने खेतों में धान का बिचड़ा गिराते हैं। 21 दिनों में जब बिचड़ा पूरी तरह से तैयार हो जाता है तो उसकी रोपनी की जाती है।

अब तक 31 सौ क्विंटल बीज का हुआ वितरण

(किसानों को की गई बीज की होम डिलीवरी। जागरण।)

धान का बीज विभाग द्वारा अनुदानित दर पर दिया जा रहा है। कृषि विभाग के अनुसार अब तक जिले में 50 फीसद बीज बंटे हैं। 31 सौ क्विंटल बीज का वितरण हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बार किसानों को सबौर श्री का बीज भी दिया गया है। जो जिले के किसानों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा। यह प्रभेद 140-150 दिन का है। उपज अच्छी देता है। इसके अलावा सहभागी, राजेंद्र श्वेता बीज भी किसानों की पसंद में है। स्टेशन रोड, गुरुद्वारा मोड़ के धान बीज विक्रेता केपी ट्रेडर्स संदीप सिंह उर्फ सन्नी ने बताया कि इस बार अच्छी बारिश से से धान की बिक्री ठीकठाक हो रही है। अब तक 200 से अधिक धान के पैकेट की बिक्री हुई है। बोधगया, डोभी, मानपुर, नगर प्रखंड के किसानों के बीच धान के बीज उपलब्ध कराए गए हैं।

धान की खेती के लिए इस बार अनुकूल दिख रहा मौसम: डीएओ

(खेतों में डाला गया धान का बिचड़ा। जागरण।)

जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा महतो इस बार के मानूसन को धान की खेती के लिए अनुकूल बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी जो बारिश हो रही है इससे बिचड़ा को फायदा हो रहा है। अभी तक जिले में 18 फीसद बिचड़ा लग चुका है। बिचड़ा का विकास अच्छे से होगा। 21 दिन का बिचड़ा रोपनी के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले में जुलाई के पहले हफ्ते से रोपनी शुरू हो जाएगी। जो इस बार खरीफी के लिए बेहतर रहेगा। आहर-पोखर में पानी आने से किसानों को सिंचाई सुविधा में लाभ होगा। भूजल संरचना को बेहतर होने में भी मदद मिलेगी।

chat bot
आपका साथी