मो. जमां खां ने पेश किया अपना रिपोर्ट कार्ड, कहा- आठ माह से MLA व चार माह से मंत्री हूं, क्षेत्र के लिए यह किया काम

बिहार सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री व चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो. जमां खां ने अपने कार्यकाल के आठ महीने में क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों की जानकारी स्थानीय प्रतिनिधियों को दी। विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड के प्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक की

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 09:26 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 10:06 AM (IST)
मो. जमां खां ने पेश किया अपना रिपोर्ट कार्ड, कहा- आठ माह से MLA व चार माह से मंत्री हूं, क्षेत्र के लिए यह किया काम
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमां खां की तस्‍वीर।

चैनपुर (कैमूर), संवाद सूत्र। प्रखंड क्षेत्र के हाटा नगर पंचायत में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के सभागार में शनिवार को चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो. जमां खां ने अपने कार्यकाल के आठ महीने में क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों की जानकारी स्थानीय प्रतिनिधियों को दी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड के प्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक की।

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमां खां ने बताया कि चैनपुर विधानसभा की सीट पर विजय प्राप्त किए आठ माह का समय बीत गया। बीते चार माह से यह मंत्री के पद पर हूं। शुरू से यह प्रयास रहा है कि चैनपुर विधानसभा का चौमुखी विकास हो। चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए ग्रामीण कार्य विभाग पटना को सड़क निर्माण से संबंधित 42 प्राक्कलन समर्पित किया गया था। उन्हें स्वीकृति मिल गई है। जिसमें 11 योजना भगवानपुर प्रखंड की हैं, जबकि 16 सड़क निर्माण से संबंधित योजनाएं चैनपुर प्रखंड में स्वीकृत हुई हैं। जबकि 15 सड़क निर्माण से संबंधित योजनाएं चांद प्रखंड से स्वीकृत की गई हैं।

इसके साथ ही अधौरा प्रखंड मुख्यालय से पटना तक पर्यटन बस सेवा, चांद मुख्यालय से पटना के लिए पर्यटन बस सेवा आदि प्रारंभ कराया गया हैं। इसके साथ ही लघु जल संसाधन विभाग के माध्यम से भी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में 15 योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। जिसमें चैनपुर के रामगढ़ में शेख वलिया चेक डैम निर्माण कार्य सहित बसहां पोखर का उगाही एवं सौंदर्यीकरण कार्य आदि शामिल है। पथ निर्माण विभाग पुल निगम के माध्यम से अधौरा में 3 नदियों पर पुल का निर्माण किया जाना है। जिसमें ग्राम चौधरना नदी पर पुल, ग्राम पिपरा बराप नदी पर पुल, अधौरा बाहादाग नदी पर पुल, जबकि चैनपुर प्रखंड में दो पुल निर्माण जिसमें चैनपुर लखमणपुर नदी में पुल, चैनपुर झरिया नदी पर पुल निर्माण का कार्य शामिल है। इसके साथ ही अधौरा प्रखंड के पहाड़ों में बसे लोगों के द्वारा महुआ बिक्री पर लगी प्रतिबंध हटाने को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत होने की बात कही। उन्होंने बताया कि चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 23 चेक डैम निर्माण कराने की बात कही गई। जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है। इस मौके पर चैनपुर विधानसभा के चारों प्रखंड के सभी प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी