कैमूर में जमकर हुई बारिश, अगले 24 से 48 घंटे तक मध्‍यम व भारी वर्षा का अलर्ट जारी

पूरे बिहार में अभी 14 अगस्‍त तक मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भभुआ समेत राज्‍य के कई जिलों में मध्‍यम व भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। भभुआ में पिछले 24 घंटे में भी अच्‍छी बारिश हुई है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 10:20 AM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 12:29 PM (IST)
कैमूर में जमकर हुई बारिश, अगले 24 से 48 घंटे तक मध्‍यम व भारी वर्षा का अलर्ट जारी
भभुआ में जमकर हो रही बारिश , सांकेतिक तस्‍वीर।

भभुआ, संवाद सहयोगी। कैमूर में पिछले तीन दिनों से अच्‍छी बारिश हुई है। सोमवार की सुबह भी रिमझिम बरसात हुई। दोपहर में थोड़ी राहत मिली। फिर शाम होते-होते काले बादल आसमान में उमड़ने घुमड़ने लगे। हालांकि आज मंगलवार सुबह से धूप निकली है। मौसम साफ है। मगर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले 24-48 घंटे में भभुआ सहित बिहार के कई जिलों में मध्‍यम व भारी बारिश के आसार हैं। भभुआ के अलावा किशनगंज, पूर्णिया, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, अररिया, किशनगंज, रोहतास, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद आदि जिलों में बारिश होगी। इन स्‍थानों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पूरे बिहार में फिलहाल मानसून सक्रिय है। आगामी 14 अगस्‍त तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई स्‍थानों पर बारिश होगी।

कैमूर में बीते शनिवार और रविवार को भी जमकर बारिश हुई। पूरे जिले में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए। हालांकि ज्‍यादा बारिश रोजी रोटी वालों के सामने भी बारिश आफत बन कर खड़ी हो गई है। बारिश के कारण काम काज ठप पड़ा है।  लगातार बारिश के कारण खेतों में भी पानी भर गया है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश मोहनियां प्रखंड व चैनपुर प्रखंड में हुई है। बारिश के वजह से भभुआ- अधौरा पथ पर ताला गांव के छलका पर सुअरा नदी का पानी बह रहा हैं। जिससे छलका पर कई गड्ढ़ा भी बन गया है। ऐसे में छलका पर पानी चलने के दौरान अगर कोई वाहन लेकर जाता है तो गिर कर घायल हो जा रहा है।

लगातार बारिश से जिले के दुर्गावती, कर्मनाशा, सुअरा व अन्य पहाड़ी नदियां सक्रिय हो गई है। उसमें क्षमता से अधिक पानी बह रहा है। अभी पिछले कुछ दिन पूर्व ही रामगढ़, नुआंव, दुर्गावती व मोहनियां व कुदरा के कुछ गांव बाढ़ के कारण प्रभावित हुआ था।

24 घंटे में हुई बारिश का आंकड़ा  -

अधौरा -  28.2

भभुआ - 48.6

भगवानपुर - 72.6

चैनपुर -  78.4

चांद -  34.4

दुर्गावती -  16.2

कुदरा -  8.4

मोहनियां -  78.2

नुआंव - 25.4

रामगढ़ - 48.8

रामपुर -  20

chat bot
आपका साथी