Kaimur News: दंपती गए वोट देने, चांद में दिनदहाड़े घर का ताला तोड़ चोरों ने उड़ाए लाखों के गहने
थाना से महज चार सौ मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। पंचायत चुनाव में चारों तरफ पुलिस का पहरा होने के बाद भी चांद बाजार में चोर घर का ताला तोड़कर आभूषण सहित अन्य सामान ले उड़े।
चांद (कैमूर), संवाद सूत्र। स्थानीय थाना से महज चार सौ मीटर की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। हद तो यह कि पंचायत चुनाव में चारों तरफ पुलिस का पहरा होने के बाद भी चांद बाजार में चोरों ने 12 बजे दोपहर में घर का ताला तोड़कर आभूषण सहित अन्य सामान ले गए। घर के मालिक भी अपनी पत्नी के साथ पंचायत चुनाव में वोट देने ही गए थे।
मिली जानकारी के अनुसार थाना के चार सौ मीटर दूर स्थित अपने घर से मनोज वर्मा एवं पत्नी किरण बर्मा पौने 12 बजे वोट देने मतदान केंद्र पर गए। एक बजे वोट देने के बाद घर पर आए तो घर का ताला टूटा हुआ था। मनोज वर्मा ने घर के अंदर घुस कर देखा तो आलमारी में रखा आभूषण गायब है। पहले से घात लगाए चोरों ने देखा की मनोज वर्मा एवं पत्नी किरण बर्मा वोट देने मतदान केंद्र पर जा रही हैं। मतदान करने में समय लगेगा। इसका अंदाजा चोरों को पहले से था। दंपती के जाने के बाद चोरों ने आराम से ताला तोड़ कर चोरी कर ली।
दंपती वोट देने के बाद वापस आए तो देखा कि घर का ताला एवं आलमारी का ताला खुला हुआ है। आभूषण के डिब्बे खाली पलंग पर पड़े हुए हैं। दंपती ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मनोज वर्मा एवं पत्नी किरण बर्मा पेशे से चिकित्सक हैं। बाजार से कुछ दूरी पर मुसाखाड नहर पर घर बनाए हुए हैं। दिन दहाड़े चोरी से लोगों में पुरी तरह दहशत है। मनोज वर्मा ने कहा कि बहू एवं पत्नी के आभूषण जिसकी कीमत साढ़े सात लाख हैं चोरी हो गए। उन्होंने कहा कि 40 साड़ी भी चोरों ने गायब किया है। थाना प्रभारी ने कहा कि चुनाव कार्य समाप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।